अमित शाह का लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष पर तीखा प्रहार- ‘सदन में बोलना प्रियंका से ही सीख लें राहुल गांधी’
नई दिल्ली, 17 अप्रैल। लोकसभा में महिला आरक्षण बिल से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक संशोधन बिल दो दिनों तक चली गहन चर्चा के बाद शुक्रवार को पास नहीं हो सका। लेकिन इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ और ‘परिसीमन’ पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा।
अमित शाह ने बहस का जवाब देते हुए, ‘मैं नेता प्रतिपक्ष का भाषण सुन रहा था, यह भाषा सदन की मर्यादा के विपरीत है। अपशब्दों का प्रयोग होता है, असंसदीय शब्दों की भरमार लग जाती है। वह सदन में बोलने की कला प्रियंका गांधी से ही सीख लें।’
Speaking in the Lok Sabha. https://t.co/B1FxfWFQ9N
— Amit Shah (@AmitShah) April 17, 2026
शाह ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष का किस तरह का यह बर्ताव है, क्या भाषा है। उन्हें लगता है कि देश उनकी यह भाषा नहीं सुन रहा। वह संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करते हैं, सत्र छोड़कर विदेश चले जाते हैं। शाह ने राहुल पर तंज कसते हुए कहा कि सदन में बोलने की कला आपके यहां बहुत वरिष्ठ लोग हैं, उनसे सीखें, या प्रियंका गांधी से सीख लें।
ऐसा नहीं कि सिर्फ ये महिला आरक्षण का ही विरोध कर रहे
अमित शाह ने कहा, ‘ऐसा नहीं है कि सिर्फ महिला आरक्षण विधेयक का विरोध हो रहा है, हमने धारा 370 समाप्त की, उन्होंने विरोध किया, राम मंदिर बनाया, विरोध किया, CAA लाए, विरोध किया, तीन तलाक समाप्त किया, विरोध किया, GST लाए, विरोध किया, आयुष्मान भारत बनाया, विरोध किया, नया संसद भवन बनाया, विरोध किया, CDS बनाया, विरोध किया, नक्सलवाद खत्म किया, विरोध किया, एयरस्ट्राइक, सर्जिकल स्ट्राइक, ऑपरेशन सिंदूर का विरोध किया। इन्होंने अच्छा-बुरा सोचे बिना नरेंद्र मोदी जो कर रहे हैं, उसका विरोध करने की ठान ली है।
