1. Home
  2. कारोबार
  3. अंतिम घंटे की लिवाली से उबरा शेयर बाजार, सेसेंक्स 117 अंक मजबूत, निफ्टी 41 अंक चढ़ा
अंतिम घंटे की लिवाली से उबरा शेयर बाजार, सेसेंक्स 117 अंक मजबूत, निफ्टी 41 अंक चढ़ा

अंतिम घंटे की लिवाली से उबरा शेयर बाजार, सेसेंक्स 117 अंक मजबूत, निफ्टी 41 अंक चढ़ा

0
Social Share

मुंबई, 20 मई। कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच अंतिम घंटे की खरीदारी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में उछाल से बुधवार को घरेलू शेयर बाजार गिरावट से उबरने में सफल रहा। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स 117 अंक मजबूत हुआ तो एनएसई निफ्टी भी 41 अंक की बढ़त लेकर ठहरा। शेयर बाजार विश्लेषकों के अनुसार कच्चे तेल और रुपये में कमजोरी से जुड़ी चिंताओं के बावजूद कारोबारी सत्र के अंतिम घंटे की लिवाली ने बाजार को समर्थन देने का काम किया।

सेंसेक्स 75,318.39 अंक पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में 117.54 अंक यानी 0.16 प्रतिशत चढ़कर 75,318.39 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 671.44 अंक यानी 0.89 प्रतिशत टूटकर 74,529.41 अंक तक आ गया था। लेकिन चुनिंदा क्षेत्रों में खरीदारी आने से यह बढ़त लेने में सफल रहा। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 15 के शेयर लाभ में रहे तो 15 में ही कमजोरी दिखी।

निफ्टी 23,659 अंक पर बंद

वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का मानक सूचकांक निफ्टी 41 अंक यानी 0.17 प्रतिशत बढ़कर 23,659 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान निफ्टी ने 293.60 अंकों के दायरे में 23,397.30 अंक के निचले और 23,690.90 अंक के ऊपरी स्तर को भी छुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 25 के शेयर हरे निशान पर रुके तो 25 में गिरावट दर्ज की गई। व्यापक बाजार में मझोली कम्पनियों का बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 1.02 प्रतिशत चढ़ गया जबकि छोटी कम्पनियों के स्मालकैप में 0.16 प्रतिशत की तेजी रही।

पॉवर सेक्टर ने सर्वाधिक 1.78 प्रतिशत की छलांग लगाई

सेक्टोरल इंडेक्स पर नजर डालें तो पॉवर सेक्टर ने सर्वाधिक 1.78 प्रतिशत की छलांग लगाई जबकि पूंजीगत उत्पाद खंड में 1.52, तेल एवं गैस खंड में 1.37 प्रतिशत और ऊर्जा खंड में 1.45 प्रतिशत की तेजी रही।

रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर सर्वधिक 2.83 प्रतिशत चढ़े

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में सर्वाधिक 2.83 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इसके अलावा बजाज फिनसर्व, ट्रेंट, इंटरग्लोब एविएशन, एक्सिस बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर भी बढ़त में रहे। दूसरी तरफ, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक महिंद्रा, इटर्नल और टाटा स्टील प्रमुख रूप से नुकसान में रहे।

एफआईआई ने 2,457.49 करोड़ रुपये के शेयर बेचे

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 2,457.49 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड करीब दो प्रतिशत गिरकर 109 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

डॉलर के मुकाबले रुपया 96.95 का स्तर छूने के बाद 96.84 (अस्थायी) पर बंद

भारतीय रुपये की बात करें तो वह भी अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले अपनी कमजोरी का सिलसिला जारी रखते हुए 97 प्रति डॉलर के करीब पहुंचता दिखा और 96.95 का स्तर छूने के बाद 96.84 (अस्थायी) पर बंद हुआ।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code