अमेरिका-ईरान वार्ता में प्रगति के दावे से शेयर बाजार में मजबूत बढ़त, सेंसेक्स 941 अंक चढ़ा, निफ्टी 24300 के पार
मुंबई, 6 मई। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ युद्ध समाप्ति के लिए बातचीत में प्रगति का दावा क्या किया कि अंतराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें अचानक धड़ाम से जा गिरी। इसका असर यह हुआ कि बुधवार को घरेलू शेयर बाजार में मजबूत बढ़त देखने को मिली।
कारोबारी सत्र के अंतिम घंटे में ऑटो व पीएसयू बैंक सेक्टर की अगुआई में जोरदार लिवाली से बीएसई सेंसेक्स जहां 941 अंक चढ़ते हुए 78,000 के करीब जा पहुंचा वहीं एनएसई निफ्टी भी 298 अंकों की मजबूती से 24,300 के पार चला गया। वैश्विक बाजारों के सकारात्मक रुख ने भी स्थानीय बाजार को समर्थन दिया।
सेंसेक्स 1.22 प्रतिशत की छलांग से 77,958.52 अंक पर पहुंचा
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 940.73 अंक यानी 1.22 प्रतिशत की छलांग के साथ 77,958.52 अंक पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान एक समय सूचकांक 1,004.99 अंक यानी 1.30 प्रतिशत की बढ़त के साथ 78,022.78 अंकों तक पहुंच गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 21 के शेयर हरे निशान पर रुके तो नौ में कमजोरी रही।
निफ्टी 298.15 अंकों की बढ़त लेकर 24,330.95 पर बंद
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 298.15 अंक यानी 1.24 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,330.95 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 35 के स्टॉक मजबूत रहे और 15 में गिरावट दर्ज की गई।
इंटरग्लोब एविएशन के स्टाक में सबसे ज्यादा 6.60 प्रतिशत की बढ़त
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में इंटरग्लोब एविएशन के स्टाक में सबसे ज्यादा 6.60 प्रतिशत की बढ़त रही। ट्रेंट, एशियन पेंट्स, भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक और इटर्नल के शेयर भी लाभ में रहे। वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज, लार्सन एंड टुब्रो, पावर ग्रिड और एनटीपीसी के शेयरों में गिरावट आई।
ब्रेंट क्रूड 8 प्रतिशत टूटकर 101.1 डॉलर प्रति बैरल
इस बीच वैश्विक स्तर पर ब्रेंट क्रूड यानी कच्चा तेल आठ प्रतिशत टूटकर 101.1 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। वहीं शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 3,621.58 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
