मुंबई, 15 सितंबर। भारतीय शेयर बाजार ने मंगलवार को मजबूती के साथ कारोबार की शुरुआत की। सुबह 9:17 बजे सेंसेक्स 393 अंक यानी 0.53 प्रतिशत की बढ़त के साथ 75,178 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं, निफ्टी 103 अंक यानी 0.44 प्रतिशत मजबूत होकर 23,495 के स्तर पर पहुंच गया। शुरुआती कारोबार में बाजार की तेजी की अगुवाई आईटी शेयरों ने की। सेक्टोरल इंडेक्स में निफ्टी आईटी करीब 5 प्रतिशत की बढ़त के साथ सबसे बड़ा गेनर रहा। इसके अलावा निफ्टी एफएमसीजी, निफ्टी सर्विसेज, निफ्टी कंजप्शन, निफ्टी ऑटो और निफ्टी ऑयल एंड गैस भी हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। वहीं, निफ्टी इंडिया डिफेंस, निफ्टी रियल्टी, निफ्टी मेटल, निफ्टी पीएसई, निफ्टी फार्मा, निफ्टी एनर्जी, निफ्टी कमोडिटीज, निफ्टी इंफ्रा, निफ्टी इंडिया मैन्युफैक्चरिंग, निफ्टी हेल्थकेयर, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और निफ्टी प्राइवेट बैंक में कमजोरी देखने को मिली।
- सेंसेक्स के इन शेयरों में तेजी
सेंसेक्स पैक में एचसीएल टेक, इंफोसिस, टेक महिंद्रा, टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, एचयूएल, आईटीसी, टाटा स्टील, सन फार्मा और ट्रेंट के शेयर बढ़त में कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, बीईएल, बजाज फिनसर्व, कोटक महिंद्रा बैंक, इंडिगो, टाइटन, पावर ग्रिड, एलएंडटी, अल्ट्राटेक सीमेंट, एमएंडएम, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक, एशियन पेंट्स, भारती एयरटेल और इटरनल के शेयरों में गिरावट देखने को मिली।
- वैश्विक बाजारों में कमजोरी
अधिकांश वैश्विक बाजारों में मंगलवार को दबाव देखने को मिला। शंघाई, हांगकांग, बैंकॉक और जकार्ता के बाजार लाल निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि टोक्यो का बाजार हरे निशान में था। इससे पहले अमेरिकी शेयर बाजार भी गिरावट के साथ बंद हुआ था। डाओ जोन्स 0.29 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ, जबकि नैस्डैक में 0.56 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
- मध्य पूर्व के बढ़ते तनाव से कच्चे तेल में तेजी
वैश्विक बाजारों में कमजोरी की एक प्रमुख वजह मध्य पूर्व में लगातार बढ़ता युद्ध है। इसके चलते पूरे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। युद्ध के बढ़ते असर के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेजी देखने को मिली। खबर लिखे जाने तक डब्ल्यूटीआई क्रूड 1.53 प्रतिशत की बढ़त के साथ 103 डॉलर प्रति बैरल पर था। वहीं, बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 1.31 प्रतिशत मजबूत होकर 107 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
- सोने और चांदी की कीमतों पर दबाव
दूसरी ओर, सोने और चांदी की कीमतों में कमजोरी देखने को मिली। खबर लिखे जाने तक कॉमैक्स पर सोना 0.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,344 डॉलर प्रति औंस पर था। वहीं, चांदी करीब आधा प्रतिशत कमजोर होकर 63 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।


