शेयर बाजार ने गंवाई शुरुआती बढ़त, सेंसेक्स 417 अंक टूटा,निफ्टी 41 अंक कमजोर

मुंबई, 3 सितम्बर। कारोबारी सप्ताह के चौथे दिन अच्छी बढ़त के साथ खुले भारतीय शेयर बाजार ने शुरुआत लाभ गंवा दिया और अंतिम घंटे में हुई मुनाफावसूली के चलते दोनों मानक सूचकांक लगातार चौथे दिन लाल निशान पर बंद हुए। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स जहां 417 टूटा वहीं एनएसई निफ्टी 41 अंकों की कमजोरी लेकर रुका। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार कच्चे तेल के दाम में तेजी व आईटी शेयरों में बिकवाली बाजार को नीचे धकेलने में प्रमुख कारक रहे।

सेंसेक्स 417.49 अंक टूटकर 76,152.86 पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 417.49 अंक यानी 0.55 प्रतिशत टूटकर 76,152.86 अंक पर बंद हुआ। सूचकांक बढ़त के साथ खुला और एक समय 354.13 अंकों की छलांग से 76,924.48 अंक पर दिन के उच्चस्तर तक जा पहुंचा था। हालांकि, बाद में इसने अपनी बढ़त गंवा दी। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में सात के शेयर बढ़त पर रहे तो 23 में कमजोरी दिखी।

निफ्टी 41 अंकों की कमजोरी से 23,873.45 पर बंद

उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित निफ्टी भी 41 अंक यानी 0.17 प्रतिशत फिसलकर 23,873.45 अंक पर बंद हुआ। यह सूचकांक भी पिछली शाम के मुकाबले 83 अंकों की बढ़त लेकर खुला था और इसने जल्द ही 24,025.40 पर दिन का उच्चस्तर भी देखा। लेकिन उसके बाद लगातार गिरावट से दिन की सारी बढ़त खत्म हो गई। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 21 के शेयर हरे निशान पर रुके तो 29 में गिरावट दर्ज की गई।

टाइटन ने सबसे ज्यादा 2.17 फीसदी का नुकसान देखा

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में टाइटन ने सबसे ज्यादा 2.17 फीसदी का नुकसान देखा। ट्रेंट, आईटीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फिनसर्व, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टेक महिंद्रा, सन फार्मास्युटिकल्स, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, अल्ट्राटेक सीमेंट और बजाज फाइनेंस में भी प्रमुख रूप से नुकसान रहा। दूसरी ओर लाभ में रहने वाले शेयरों में एक्सिस बैंक, अदाणी पोर्ट्स, एशियन पेंट्स, एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लि. और टाटा स्टील शामिल हैं।

ब्रेंट क्रूड 1.57 प्रतिशत बढ़कर 97.13 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा

इस बीच वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.57 प्रतिशत बढ़कर 97.13 डॉलर प्रति बैरल हो गया। वहीं शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 6,688.37 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने भी 2,812.98 करोड़ रुपये की लिवाली की।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular