चाइना मास्टर्स : किदांबी श्रीकांत ने विश्व नंबर 9 विक्टर लाई को चौंकाया, सात्विक-चिराग भी आगे बढ़े, तन्वी परास्त

शेनझेन, 3 सितम्बर। आठ वर्ष पूर्व BWF विश्व रैंकिंग में शीर्ष पोजीशन की शोभा बढ़ा चुके अनुभवी भारतीय शटलर एक किदांबी श्रीकांत ने गुरुवार को यहां शेनझेन एरेना में उलटफेरयुक्त प्रदर्शन किया और मौजूदा विश्व नंबर नौ कनाडाई विक्टर लाई को सीधे गेमों में हराकर चाइना मास्टर्स सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष एकल क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।

श्रीकांत के अलावा सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी व चिराग शेट्टी की ख्यातिनाम युगल जोड़ी ने भी अभियान जारी रखा। हालांकि बीते दिनों ताइपे ओपन के रूप में करिअर का पहला वर्ल्ड टूर सुपर 300 खिताब जीतने वाली तन्वी शर्मा का अभियान थम गया।

श्रीकांत ने लाई को 43 मिनट में किनारे लगाया

चालू सत्र की शुरुआत में यूएस ओपन सुपर 300 के फाइनल तक पहुंचे 33 वर्षीय श्रीकांत ने कोर्ट नंबर तीन पर खेले गए दिन के चौथे मैच में लाई पर 43 मिनट में 21-18 21-19 से जीत दर्ज की। पिछले दौर में लक्ष्य सेन की चुनौती तोड़ने वाले लाई ने गत माह नई दिल्ली विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीता था। मौजूदा विश्व नंबर 34 श्रीकांत अपने अगले मैच में हांगकांग के ली चेउक यिउ का सामना करेंगे।

सात्विक व चिराग को पोपोव बंधुओं से 69 मिनट तक संघर्ष करना पड़ा

वहीं पुरुष युगल में गत उपजेता व इस बार चौथी सीड लेकर उतरे सात्विक व चिराग को कोर्ट नंबर एक पर दिन के 10वें मैच में फ्रांस के पोपोव बंधुओं-क्रिस्टो व टोमा जूनियर के खिलाफ 69 मिनट तक संघर्ष करना पड़ा।

हालांकि एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता विश्व नंबर पांच भारतीय जोड़ी ने दूसरा गेम टाईब्रेकर में गंवाने के बाद जोर बांधा और 21-17, 22-24, 21-9 से जीत हासिल कर ली। चिराग-सात्विक की सेमीफाइनल में प्रवेश के लिए अब डेनमार्क के किम एस्ट्रप व एंडर्स स्कार्प रासमुसेन से मुलाकात होगी।

जापानी टोमोका मियाजाकी से कड़े संघर्ष में हारीं तन्वी

उधर महिला एकल में विश्व रैंकिंग में 26वें नंबर पर काबिज 17 वर्षीय तन्वी शर्मा ने कोर्ट नंबर दो पर पहला गेम गंवाने के बावजूद विश्व नंबर नौ जापानी शटलर टोमोका मियाजाकी को 66 मिनट तक कड़ी टक्कर दी। लेकिन उन्हें 17-21 21-18 16-21 से हार का सामना करना पड़ा।

ध्रुव कपिला व तनीशा क्रास्टो की मिश्रित युगल जोड़ी भी बाहर

भारत के ध्रुव कपिला व तनीशा क्रास्टो को भी मिश्रित युगल के दूसरे दौर में हारकर बाहर होना पड़ा। कोर्ट नंबर दो पर विश्व नंबर 20 भारतीय जोड़ी को चीनी ताइपे के लियू कुआंग हेंग व सू यिन हुई ने 21-18, 21-18 से परास्त किया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular