आईटी सेक्टर में लिवाली से शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन हरियाली, सेंसेक्स 414 अंक चढ़ा, निफ्टी 23000 के पार

मुंबई, 16 अक्टूबर। सूचना प्रौद्योगिकी (IT) कम्पनियों के शेयरों में बड़ी लिवाली और वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन हरियाली दिखी। इस क्रम में कारोबारी सप्ताह के अंतिम दिन शुक्रवार को दोनों बेंचमार्क इंडेक्स अच्छी बढ़त लेकर बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स जहां 414 अंक चढ़ गया वहीं निफ्टी करीब 149 अंकों की तेजी लेकर फिर 23,000 के पार जा पहुंचा।

सेंसेक्स 0.56 प्रतिशत बढ़कर 74,729.27 अंक पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 413.66 अंक यानी 0.56 प्रतिशत बढ़कर 74,729.27 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 463.17 अंक चढ़कर 74,778.78 अंक तक पहुंच गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 17 के स्टॉक हरे निशान पर रुके तो 13 में गिरावट रही।

निफ्टी 148.80 अंक बढ़कर 23,146.15 पर बंद

वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी भी 148.80 अंक यानी 0.65 प्रतिशत बढ़कर 23,146.15 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 26 के शेयर बढ़त पर रहे तो 24 लाल निशान पर रुके।

टेक महिंद्रा का शेयर सबसे अधिक 8.45 प्रतिशत चढ़ा

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में टेक महिंद्रा का शेयर सबसे अधिक 8.45 प्रतिशत चढ़ा। कम्पनी ने जुलाई-सितम्बर तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 32.74 प्रतिशत बढ़कर 1,585.6 करोड़ रुपये रहने की सूचना दी थी।

इसके अलावा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), इन्फोसिस, भारती एयरटेल, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फाइनेंस और एचसीएलटेक के शेयरों में भी तेजी रही। दूसरी तरफ, इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो), रिलायंस इंडस्ट्रीज, एशियन पेंट्स और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।

FII ने 5,285.37 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की

इस बीच विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने गुरुवार को 5,285.37 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की थी। उधर वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.30 प्रतिशत गिरकर 105.6 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular