शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन गिरावट, सेंसेक्स 374 अंक टूटा, निफ्टी 23900 के करीब फिसला

मुंबई, 2 सितम्बर। अमेरिका व ईरान की ओर से जारी जवाबी हमलों के बीच कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के चलते कमजोर वैश्विक रुख से भारतीय शेयर बाजार भी अछूता नहीं रहा और बुधवार को लगातार तीसरे दिन बड़ी गिरावट देखने को मिली। बीएसई सेंसेक्स जहां 374 अंक टूट गया वहीं एनएसई निफ्टी 141 अंकों के नुकसान के चलते 23,900 के करीब जा फिसला।

सेंसेक्स 373.93 अंक टूटकर 76,570.35 पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 373.93 अंक यानी 0.49 प्रतिशत टूटकर 76,570.35 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 808.56 अंकों की गिरावट से 76,135.72 अंक तक जा गिरा था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 20 के शेयर लाल निशान पर रुके तो 10 में मजबूती रही।

निफ्टी 141.35 अंक फिसलकर 23,914.45 पर बंद

उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी 141.35 अंक यानी 0.59 प्रतिशत फिसलकर 23,914.45 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 14 के स्टॉक लाभ में रहे और 36 में कमजोरी दिखी।

एशियन पेंट्स को सर्वाधिक 1.61% नुकसान

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में एशियन पेंट्स को सर्वाधिक 1.61 फीसदी नुकसान हुआ। एचडीएफसी बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचसीएल टेक, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और इन्फोसिस में भी प्रमुख रूप से गिरावट रही। दूसरी ओर, अदाणी पोर्ट्स, बजाज फिनसर्व, पावर ग्रिड, एनटीपीसी और टाइटन के स्टॉक प्रमुख रूप से बढ़त में रहे।

ब्रेंट क्रूड 95 डॉलर प्रति बैरल के पार

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.40 प्रतिशत बढ़कर 95.13 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। वहीं शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 1,143.38 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध लिवाली की थी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular