शेनझेन, 2 सितम्बर। हालिया महीनों में निराशाजनक फॉर्म में चल रहे भारत के शीर्षस्थ पुरुष शटलर लक्ष्य सेन का यहां चाइना मास्टर्स सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भी लचर प्रदर्शन जारी रहा और वह बुधवार को पहले ही दौर में बाहर हो गए जबकि 33 वर्षीय किदांबी श्रीकांत व तन्वी शर्मा ने सीधे गेमों में जीत से क्रमशः पुरुष और महिला एकल के दूसरे दौर में प्रवेश किया।
कनाडाई विक्टर लाई से सिर्फ 38 मिनट में हारे लक्ष्य
विश्व चैम्पियनशिप 2021 के कांस्य पदक विजेता व विश्व रैंकिंग में 13वें नंबर पर काबिज लक्ष्य ने लगातार गलतियां कीं शेनझेन एरेना के कोर्ट नंबर एक पर कनाडाई दिग्गज विक्टर लाई के हाथों सिर्फ 38 मिनट में 14-21 7-21 से हार गए।
पिछले माह नई दिल्ली में विश्व चैम्पियनशिप में अपना दूसरा कांस्य पदक जीतने वाले विश्व नंबर नौ लाई के खिलाफ 24 वर्षीय लक्ष्य की यह तीसरी हार थी। उन्होंने लाई के खिलाफ एकमात्र जीत इसी वर्ष मार्च में ऑल इंग्लैंड चैम्पियनशिप में हासिल की थी।
श्रीकांत ने चीनी ताइपे के ची यू जेन को 35 मिनट में शिकस्त दी
वहीं विश्व रैंकिंग में शीर्ष क्रम की शोभा बढ़ा चुके 33 वर्षीय अनुभवी श्रीकांत ने कोर्ट नंबर दो पर चीनी ताइपे के ची यू जेन को सिर्फ 35 मिनट में 21-16 21-15 से परास्त किया। विश्व चैम्पियनशिप 2021 के रजत पदक विजेता श्रीकांत की अगले दौर में लाई से मुलाकात होगी।
तन्वी ने डेनमार्क की अमाली शुल्ज को किनारे लगाया
उधर महिला एकल में पिछले माह ताइपे ओपन में अपना पहला बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर खिताब जीतने वाली किशोरवय शटलर तन्वी ने डेनमार्क की अमाली शुल्ज को 31 मिनट में 21-16, 21-17 से परास्त किया। विश्व रैंकिंग में 26वें नंबर पर काबिज पंजाब की 17 वर्षीय तन्वी ने पिछले वर्ष गुवाहाटी में जूनियर विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीता था। अगले दौर में उनका सामना जापान की टोमोका मियाजाकी से होगा।
विश्व नंबर 5 सात्विक-चिराग भी आगे बढ़े
इस बीच विश्व चैम्पियनशिप के दो बार के कांस्य पदक विजेता और यहां चौथी सीड लेकर उतरे सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी व चिराग शेट्टी ने भी जुनैदी आरिफ व कांग खाई शिंग की मलेशियाई जोड़ी को 21-11, 21-16 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।
कोर्ट नंबर एक पर खेले गए दिन के 10वें मैच में चिराग व सात्विक को जीत हासिल करने में 40 मिनट लगे। एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता विश्व नंबर पांच जोड़ी का अगला मुकाबला फ्रांस के पोपोव बंधुओं-क्रिस्टो और टोमा जूनियर से होगा।
ध्रुव कपिला-तनीशा क्रास्टो की मिश्रित युगल जोड़ी दूसरे दौर में
ध्रुव कपिला व तनीशा क्रास्टो की मिश्रित युगल जोड़ी ने भी थाईलैंड के टोन्नाकोर्न साएहेंग व टोनिचा साएहेंग को 21-8 21-9 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। कोर्ट नंबर तीन पर खेले गए दिन के पहले ही मैच में ध्रु व क्रास्टो को सिर्फ 24 मिनट खर्च करने पड़े। अगले दौर में इस भारतीय जोड़ी का सामना चीनी ताइपे के लियू कुआंग हेंग और सू यिन हुई से होगा।
देविका पहले दौर में हारीं, रोहन-गड्डे की जोड़ी भी परास्त
हालांकि देविका सिहाग कोर्ट नंबर तीन पर बल्गारिया की कालोयाना नालबांतोवा के हाथों 39 मिनट में 18-21,15-21 से हार गईं। मिश्रित युगल में रोहन कपूर व रुत्विका गड्डे की जोड़ी भी शुरुआती बाधा पार नहीं कर सकी। उन्हें चीनी ताइपे की वू गुआन शुन व ली चिया शिन के हाथों 34 मिनट में 16-21, 18-21 से हार का सामना करना पड़ा।


