1. Home
  2. कारोबार
  3. पश्चिम एशिया में तनाव के बीच शेयर बाजार में गिरावट जारी, सेंसेक्स 852 अंक टूटा, निफ्टी 24200 से नीचे
पश्चिम एशिया में तनाव के बीच शेयर बाजार में गिरावट जारी, सेंसेक्स 852 अंक टूटा, निफ्टी 24200 से नीचे

पश्चिम एशिया में तनाव के बीच शेयर बाजार में गिरावट जारी, सेंसेक्स 852 अंक टूटा, निफ्टी 24200 से नीचे

0
Social Share

मुंबई, 23 अप्रैल। होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकाबंदी को लेकर ईरान व अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव से भारतीय शेयर बाजार भी लगातार दूसरे दिन प्रभावित रहा और गुरुवार को दोनों बेंचमार्क इंडेक्स बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 852.49 अंक लुढ़क गया जबकि एनएसई निफ्टी 205 अंकों के नुकसान के चलते 24,200 के स्तर से नीचे चला गया।

अमेरिकी-ईरान वार्ता रुकने के कारण ही कच्चा तेल एक बार फिर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंचने से बाजार में गिरावट आई। वहीं विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी के साथ ही एशियाई और यूरोपीय बाजारों में कमजोर रुख ने भी निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया।

सेंसेक्स 1.09 प्रतिशत टूटकर 77,664 अंक पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 852.49 अंक यानी 1.09 प्रतिशत टूटकर 77,664 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 942.31 अंक यानी 1.20 प्रतिशत फिसलकर 77,574.18 पर आ गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में पांच के शेयर मजबूत रहे और 25 में कमजोरी दिखी।

निफ्टी 205.05 अंक गिरकर 24,173.05 पर बंद

उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 205.05 अंक यानी 0.84 प्रतिशत गिरकर 24,173.05 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 17 के स्टॉक हरे निशान पर रुके तो 33 में गिरावट दर्ज की गई। व्यापाक बाजार देखें तो मझोली कम्पनियों से जुड़ा बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक में 0.39 प्रतिशत और स्मॉलकैप सेलेक्ट सूचकांक में 0.34 प्रतिशत की गिरावट आई।

सेक्टोरल इंडेक्स : पीएसयू बैंक में 2.36 प्रतिशत की कमजोरी

सेक्टोरल इंडेक्स पर नजर डालें तो पीएसयू बैंक में 2.36 प्रतिशत, वाहन में 2.27 प्रतिशत, रियल्टी में 1.91 प्रतिशत, उपभोक्ता विवेकाधीन वस्तुओं में 1.71 प्रतिशत, उपभोक्ता टिकाऊ वस्तुओं में 1.63 प्रतिशत और बैंकएक्स में 1.46 प्रतिशत की गिरावट आई। दूसरी ओर स्वास्थ्य देखभाल में 1.66 प्रतिशत, पूंजीगत वस्तुओं में 0.40 प्रतिशत, बिजली में 0.40 प्रतिशत और औद्योगिकी वस्तुओं में 0.11 प्रतिशत की तेजी रही।

ट्रेंट के स्टॉक सर्वाधिक 4.21 फीसदी गिरे

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में ट्रेंट के स्टॉक में सर्वाधिक 4.21 फीसदी की गिरावट रही। बजाज फिनसर्व, टेक महिंद्रा, महिंद्रा एंड महिंद्रा, इन्फोसिस और एचडीएफसी बैंक में भी उल्लेखनीय गिरावट हुई। दूसरी ओर अदाणी पोर्ट्स, लार्सन एंड टुब्रो, सन फार्मा, भारती एयरटेल और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लाभ में रहे।

एफआईआई ने 2,078.36 करोड़ रुपये के शेयर बेचे

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 2,078.36 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.89 प्रतिशत बढ़कर 103.8 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code