बंगाल चुनाव : अमित शाह ने घुसपैठ और कानून-व्यवस्था पर TMC को घेरा, आमजन से राज्य में बदलाव की अपील की

हुगली (पश्चिम बंगाल), 23 अप्रैल। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर गुरुवार को हुगली जिले के पुरसुरा में एक चुनावी रैली के दौरान सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर तीखा हमला बोला और आमजन से राज्य में बदलाव की अपील की। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता मौजूदा सरकार से परेशान है और अब परिवर्तन चाहती है।

घुसपैठ का मुद्दा प्रमुख, सख्त काररवाई का वादा

अमित शाह ने घुसपैठ व कानून-व्यवस्था पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की अगुआई वाली टीएमसी को घेरते हुए कहा कि राज्य के हर कोने में तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ गुस्सा दिखाई दे रहा है। उन्होंने दावा किया कि यह आक्रोश आगामी चुनाव में साफ तौर पर नजर आएगा।

शाह ने घुसपैठ को बड़ा मुद्दा करार देते हुए कहा कि इसे रोकने के लिए कठोर कदम उठाने की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से घुसपैठियों के नाम हटाने पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को आपत्ति होती है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि यदि भाजपा की सरकार बनती है तो हर घुसपैठिए को चिह्नित कर राज्य से बाहर किया जाएगा।

जंगल राज’ खत्म करने का दावा

अमित शाह ने टीएमसी सरकार पर ‘जंगल राज’ चलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों की जमीन पर कब्जा और सिंडिकेट राज ने गरीबों के अधिकारों को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में यह स्थिति समाप्त हो जाएगी और जनता भाजपा को सत्ता में लाने के लिए तैयार है।

किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरा

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार किसानों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं है। आलू किसानों को उचित मूल्य नहीं मिल रहा है और निर्यात पर रोक से उन्हें नुकसान हुआ है। भाजपा सरकार बनने पर किसानों को राहत देने और निर्यात में सहायता करने का वादा किया गया।

मतदाताओं से अपील और सुरक्षा का भरोसा

गृह मंत्री ने कहा कि कुछ लोग डर के कारण मतदान करने से हिचक रहे हैं। उन्होंने मतदाताओं से निर्भय होकर वोट डालने की अपील की और भरोसा दिलाया कि किसी को डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने दावा किया कि पहले चरण के मतदान में भारी मतदान प्रतिशत यह संकेत देता है कि टीएमसी को झटका लगेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular