टोक्यो ओलंपिक : मैरी कॉम और मनप्रीत सिंह होंगे उद्घाटन समारोह में भारतीय ध्वजवाहक

नई दिल्ली, 5 जुलाई। छह बार की विश्व विजेता महिला मुक्केबाज एम.सी. मैरी कॉम और पुरुष हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह आगामी 23 जुलाई से प्रारंभ हो रहे टोक्यो ओलंपिक खेलों के उद्घाटन समारोह में भारतीय दल के ध्वजवाहक होंगे।

बजरंग पुनिया समापन समारोह में भारतीय ध्वजवाहक

भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने सोमवार को इस आशय की घोषणा की। आईओए ने यह भी जानकारी दी कि आठ अगस्त को समापन समारोह में भारतीय दल के ध्वजवाहक पहलवान बजरंग पूनिया होंगे।

आईओए अध्यक्ष नरिेंदर बत्रा ने आधिकारिक पत्र जारी कर कहा, ‘23 जुलाई को उद्घाटन समारोह के लिए टोक्यो 2020 के भारतीय दल के ध्वजवाहक मैरी कॉम और मनप्रीत सिंह हैं।’

भारतीय खेलों के इतिहास में यह पहली बार होगा, जब किसी ओलंपिक में देश के दो ध्वजवाहक (एक पुरुष और एक महिला) होंगे। बत्रा ने हाल में टोक्यो खेलों में ‘लैंगिक समानता’ को सुनिश्चित करने के लिए इस बात की जानकारी दी थी। पिछले साल अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने कार्यकारी बोर्ड की बैठक में उद्घाटन समारोह में महिला और पुरुष ध्वजवाहकों के लिए प्रावधान किया था।

भारत के 126 खिलाड़ी जोर आजमाएंगे

आईओए अध्यक्ष बत्रा ने यह भी पुष्टि की कि टोक्यो ओलंपिक में भारत का 201 सदस्यीय दल भाग लेगा। इनमें 126 के आसपास भारतीय एथलीट और 75 ऑफिशियल्स शामिल होंगे। इस दल में 56 प्रतिशत पुरुष और 44 प्रतिशत महिलाएं शामिल हैं।

गौरतलब है कि टोक्यो ओलंपिक का आयोजन पिछले वर्ष ही होना था, लेकिन कोविड -19 महामारी के कारण इसे एक वर्ष के लिए स्थगित करना पड़ा था। भारत को खेलों के इस महाकुंभ में शूटिंग, बॉक्सिंग, रेसलिंग, बैडमिंटन, हॉकी आदि खेलों में पदक की उम्मीद है।

मैरी कॉम का यह आखिरी ओलंपिक

जहां तक मैरी कॉम का सवाल है तो उन्होंने लंदन ओलंपिक 2012 में कांस्य पदक जीता था। ‘सुपर मॉम’ के नाम से विख्यात तीन बच्चों की मां मैरीकॉम का यह संभवत: आखिरी ओलंपिक होगा। ऐसे में 38 वर्षीया मुक्केबाज इस ओलंपिक को यादगार बनाना चाहेगी। राज्यसभा सदस्य मैरी कॉम पद्म विभूषण और राजीव गांधी खेल रत्न सहित अनेक पुरस्कारों से नवाजी जा चुकी हैं।

मनप्रीत तीसरी बार ओलंपिक में दिखाएंगे जौहर

उधर पुरुष हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह का यह तीसरा ओलंपिक होगा। इससे पहले मनप्रीत 2012 लंदन और 2016 रियो ओलंपिक में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इस बार भारतीय पुरुष हॉकी टीम से भी पदक की उम्मीद की जा रही है।

बजरंग पहली बार ओलंपिक में ताल ठोकेंगे

वहीं राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों के स्वर्ण पदकधारी बजरंग पूनिया का यह पहला ओलंपिक है। बजरंग 65 किलोग्राम वर्ग में ताल ठोकेंगे। बजरंग के हालिया प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें पदक का मजबूत दावेदार माना जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular