ऑस्ट्रेलियाई ओपन बैडमिंटन : सिंधु सेमीफाइनल में, तन्वी का साहसिक सफर थमा

सिडनी, 12 जून। BWF विश्व रैंकिंग में 10वें नंबर पर काबिज भारत की शीर्षस्थ महिला शटलर पीवी सिंधु ने यहां ऑस्ट्रेलियाई ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए महिला एकल के सेमीफाइनल में जगह बना सुरक्षित कर ली। लेकिन पहले ही दौर में पांचवीं सीड गिराने के साथ बड़ा उलटफेर करने वालीं तन्वी शर्मा का साहसिक सफर क्वार्टर फाइनल में थम गया।

सिंधु ने चीनी ताइपे की चेन सु यू को सिर्फ 27 मिनट में किनारे लगाया

दो बार की ओलम्पिक पदक विजेता 30 वर्षीय सिंधु को कोर्ट नंबर एक पर शुक्रवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल में सिर्फ 27 मिनट खर्च करने पड़े और उन्होंने चीनी ताइपे की चेन सु यू को एकतरफा मुकाबले में 21-6, 21-9 से हरा दिया। ​इस जीत के साथ तीसरी सीड सिंधु ने मौजूदा सत्र के दौरान बीडब्ल्यूएफ टूर में दूसरी बार सेमीफाइनल में जगह बनाई है। इससे पहले वह मलेशिया ओपन 2026 में भी अंतिम चार तक पहुंची थी।

अब टॉप सीड अकाने यामागुची से होगी मुलाकात

पूर्व विश्व नंबर एक सिंधु की अब सेमीफाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त व तीन बार की विश्व चैम्पियन जापानी अकाने यामागुची से टक्कर होगी। यह दोनों खिलाड़ियों के बीच 29वां मुकाबला होगा। अब तक की 28 मुलाकातों में सिंधु 15-13 से आगे हैं। हालांकि, जापानी खिलाड़ी ने पिछले पांच मुकाबलों में से चार में जीत हासिल की है।

यामागुची ने तन्वी शर्मा को शिकस्त दी

विश्व नंबर तीन यामागुची ने कोर्ट नंबर एक पर 36वें नंबर की उभरती भारतीय किशोरी तन्वी शर्मा को 32 मिनट में 21-14, 21-14 से शिकस्त दी। 17 वर्षीया तन्वी ने पहले गेम में यामागुची को लगातार टक्कर दी और एक समय वह 14-16 से पीछे थीं, लेकिन उसके बाद जापानी शटलर ने लगातार अंक जीतने के साथ पहला गेम ले लिया। दूसरे गेम में यामागुची ने 5-5 की बराबरी के बाद आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया और आसानी से जीत हासिल कर ली।

हरिहरन व अर्जुन की जोड़ी चोट के चलते मैच के बीच से हटी

उधर पुरुष युगल में हरिहरन अम्साकरुणन व एम. आर. अर्जुन की भारतीय जोड़ी को मैच के दौरान दूसरे गेम में चोट के चलते हटना पड़ा। चीनी ताइपे के चेन चेंग कुआन व लियु कुआंग हेंग ने 21-19, 16-9 से अग्रता ले रखी थी, तभी हरिहरन व अर्जुन ने चोट के कारण कोर्ट छोड़ने का फैसला किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular