Aban Ahmed : प्रयागराज पहुंचा अबान का शव, अतीक-अशरफ और असद की कब्र के पास होगा सुपुर्द-ए-खाक

लखनऊ, 7 जुलाई। माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद का शव शुक्रवार सुबह प्रयागराज पहुंच गया। झांसी-कानपुर हाईवे पर सड़क हादसे में मौत के बाद पोस्टमार्टम और कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद परिजन एंबुलेंस से शव लेकर प्रयागराज पहुंचे। अबान को जुमे की नमाज के बाद कसारी-मसारी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।

अतीक, अशरफ और असद की कब्र के पास होगी दफन

सूत्रों के अनुसार, अबान अहमद को उसी कसारी-मसारी कब्रिस्तान में दफनाया जाएगा, जहां उसके पिता अतीक अहमद, चाचा अशरफ और बड़े भाई असद की कब्रें मौजूद हैं। अबान की कब्र अतीक अहमद की कब्र के पास तैयार कर ली गई है। देर रात तक कब्र खोदने का काम चलता रहा।

बुआ के घर रखा गया शव

प्रयागराज पहुंचने के बाद अबान का शव फिलहाल हटवा स्थित उसकी बुआ के घर पर रखा गया है। जुमे की नमाज के बाद अंतिम रस्में पूरी कर उसे सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।

सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

अंतिम संस्कार को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कब्रिस्तान और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

झांसी-कानपुर हाईवे पर हुआ था हादसा

गुरुवार को झांसी-कानपुर हाईवे पर अबान अहमद और उसके साथी शाकिर उर्फ सोनू की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। पुलिस के मुताबिक, प्रयागराज से झांसी जा रही क्रेटा कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

जेल में बंद अली अहमद से मिलने जा रहे थे

पुलिस के अनुसार, कार में सवार सभी लोग झांसी जेल में बंद अली अहमद से मिलने जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे से ठीक पहले हाईवे पर अचानक एक जानवर आ गया था। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में दो लोगों की मौत हुई, जबकि अन्य घायल हुए हैं, जिनका इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular