1. Home
  2. हिन्दी
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे का शेड्यूल जारी :  पीएम मोदी संग बैठक, डिफेंस डील पर भी लगेगी मुहर
व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे का शेड्यूल जारी :  पीएम मोदी संग बैठक, डिफेंस डील पर भी लगेगी मुहर

व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे का शेड्यूल जारी :  पीएम मोदी संग बैठक, डिफेंस डील पर भी लगेगी मुहर

0
Social Share

नई दिल्ली, 3 दिसम्बर। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 23वें भारत-रूस शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए गुरुवार की शाम दो दिनों के दौरे पर नई दिल्ली आ रहे हैं। इस दौरान वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संग द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इसी क्रम में वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे। इस दौरे से दोनों देशों के बीच रणनीतिक, रक्षा, ऊर्जा और व्यापार क्षेत्रों में बड़े परिणाम सामने आने की उम्मीद है।

पुतिन के 30 घंटे के दौरे का मिनट-टू-मिनट शेड्यूल

  • रूसी राष्ट्रपति चार दिसम्बर की शाम नई दिल्ली पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके सम्मान में 7 लोक कल्याण मार्ग पर एक निजी रात्रिभोज का आयोजन करेंगे। यह दौरा भारत और रूस के बीच रणनीतिक साझेदारी के 25 वर्ष पूरे होने पर हो रहा है, जो दोनों देशों के लिए बहुत खास है। साथ ही यह दौरा इसलिए भी खास है कि यूक्रेन से युद्ध शुरू होने के बाद पुतिन का यह पहला भारत दौरा है।
  • पांच दिसम्बर को रूसी राष्ट्रपति के मुख्य कार्यक्रम होंगे। पूर्वाह्न राष्ट्रपति भवन में पुतिन को गार्ड ऑफ ऑनर से स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगे।
  • करीब 11 बजे पीएम मोदी और पुतिन के बीच हैदराबाद हाउस में 23 वीं भारत-रूस शिखर बैठक होगी। इस बैठक में इस बैठक में रक्षा, ऊर्जा, व्यापार, प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष और रणनीतिक सहयोग जैसे क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। बातचीत के बाद दोनों नेता संयुक्त बयान जारी करेंगे।
  • दोपहर करीब चार बजे दोनों नेता भारत-रूस बिजनेस फोरम को संबोधित करेंगे। मोदी-पुतिन बिजनेस लीडर्स से मिलने के लिए भारत मंडपम जाएंगे। इस चर्चा का मुख्य उद्देश्य द्विपक्षीय व्यापार को और मजबूत करना होगा। हाल के वर्षों में दोनों देशों के बीच सहयोग में काफी वृद्धि हुई है।
  • यूरेशियन इकोनॉमिक यूनियन के साथ एक संभावित मुक्त व्यापार समझौते, नागरिक परमाणु सहयोग, रूसी सेना में भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी और रक्षा संबंधों को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हो सकती है।
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शाम करीब सात बजे पुतिन के सम्मान में एक राजकीय भोज की मेजबानी करेंगी।
  • भारत में लगभग 30 घंटे व्यतीत करने के बाद पुतिन पांच दिसम्बर की देर रात स्वदेश प्रस्थान करेंगे।

गौरतलब है कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन चार वर्ष पहले दिसम्बर, 2021 में भारत दौरे पर आए थे। वहीं इस बार पुतिन की यात्रा के दौरान, Russia Today भी भारत में अपना परिचालन शुरू करेगा। इसका 100 सदस्यीय ब्यूरो देश से रिपोर्टिंग करेगा।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code