1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना गुप्ता का निधन, गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में ली अंतिम सांस
सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना गुप्ता का निधन, गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में ली अंतिम सांस

सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना गुप्ता का निधन, गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में ली अंतिम सांस

0
Social Share

लखनऊ, 9 जुलाई। समाजवादी पार्टी (सपा) के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता का शनिवार की दोपहर में गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। भाजपा नेत्री अपर्णा यादव की सास और प्रतीक यादव की मां साधना गुप्ता के फेफड़ों में संक्रमण हो गया था और मेदांता में पिछले चार दिनों से उनका इलाज चल रहा था। पति मुलायम सिंह भी आज ही उन्हें देखने पहुंचे थे।

गौरतलब है कि वर्ष 2003 में मुलायम सिंह की पहली पत्नी और अखिलेश यादव की मां मालती देवी का निधन हो गया था, जिसके कुछ दिनों बाद सपा नेता ने उम्र में खुद से 20 वर्ष छोटी साधना गुप्ता को दूसरी पत्नी का दर्जा दिया था।

उत्तर प्रदेश के इटावा के बिधुना तहसील की रहने वाली साधना गुप्ता की 4 जुलाई,1986 को फर्रुखाबाद के चंद्रप्रकाश गुप्त से शादी हुई थी और सात जुलाई, 1987 को प्रतीक यादव का जन्म हुआ था। इसके दो वर्ष बाद साधना और चंद्रप्रकाश अलग हो गए थे। बाद में साधना सपा के तत्कालीन सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के संपर्क में आई थीं।

बताया जाता है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे मुलायम सिंह यादव की मां मूर्ति देवी उन दिनों बीमार रहती थीं। उस दौरान नर्सिंग की ट्रेनिंग कर रहीं साधना गुप्ता ने लखनऊ के एक नर्सिंग होम और फिर सैफई मेडिकल कॉलेज में मूर्ति देवी का काफी ख्याल रखा था। ऐसा कहा जाता है कि उसी समय से मुलायम और साधना एक-दूसरे के करीब आए थे।

केशव प्रसाद मौर्य ने साधना गुप्ता के निधन पर जताया शोक

इस बीच उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने साधना गुप्ता के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ‘पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव जी की पत्नी श्रीमती साधना गुप्ता जी के निधन का दुखद समाचार मिला। प्रभु पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में जगह दें। आदरणीय श्री मुलायम सिंह जी और परिजनों को ये दुख सहन करने की क्षमता दें! ॐ शांति शांति शांति।’

मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज ने भी व्यक्त किया दुख

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी साधना गुप्ता के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, ‘श्री मुलायम सिंह यादव जी की धर्मपत्नी श्रीमती साधना गुप्ता जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान तथा परिजनों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं। विनम्र श्रद्धांजलि।’

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code