रूसी राष्ट्रपति पुतिन दो दिवसीय भारत दौरे के लिए मॉस्को से रवाना, पीएम मोदी निजी रात्रिभोज का आयोजन करेंगे

मॉस्को, 4 दिसम्बर। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत के दो दिवसीय दौरे पर मॉस्को से रवाना हो चुके हैं। पुतिन गुरुवार शाम करीब 6 बजकर 35 मिनट पर नई दिल्ली पहुंचेंगे। स्थानीय मीडिया की ओर से यह जानकारी साझा की गई है।

2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद पुतिन का पहला भारत दौरा

दिल्ली पहुंचने के बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके सम्मान में 7 लोक कल्याण मार्ग पर एक निजी रात्रिभोज का आयोजन करेंगे। इससे पहले रूसी राष्ट्रपति के भारत दौरे पर भी पीएम मोदी ने पुतिन के लिए प्राइवेट डिनर होस्ट किया था। 2022 में यूक्रेन के साथ रूस का युद्ध शुरू होने के बाद से यह पुतिन का पहला भारत दौरा है।

इस दौरे का मुख्य बिंदु 23वां भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन है, जो शुक्रवार को प्रस्तावित है। उस समिट में पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन कई मुद्दों पर बातचीत करेंगे। इसके बाद दोनों पक्षों की तरफ से संयुक्त बयान भी जारी किया जाएगा। पुतिन के भारत दौरे पर दोनों देश व्यापार और ऊर्जा साझेदारी पर चर्चा के साथ-साथ रक्षा सहयोग को मजबूत करने पर फोकस रखेंगे। शुक्रवार को, औपचारिक बातचीत शुरू होने से पहले रूसी राष्ट्रपति का औपचारिक तरीके से स्वागत भी किया जाएगा।

रूसी की सरकारी न्यूज एजेंसी टीएएसएस के अनुसार, रूसी राष्ट्रपति के सहयोगी यूरी उशाकोव ने बुधवार को पुतिन और पीएम मोदी के बीच प्राइवेट डिनर के दौरान होने वाली मीटिंग को ‘रूसी नेता के दौरे के खास प्वाइंट्स में से एक’ बताया। उशाकोव के अनुसार, पुतिन पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय संबंधों और अंतरराष्ट्रीय स्थिति के महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे। उशाकोव के मुताबिक, भारत और रूस 2030 तक इकोनॉमिक कोऑपरेशन के स्ट्रेटेजिक एरिया के डेवलपमेंट के लिए एक प्रोग्राम साइन करने का प्लान बना रहे हैं।

राष्ट्रपति पुतिन के दौरे का दूसरे दिन का कार्यक्रम

दो दिवसीय दौरे में दूसरे दिन का कार्यक्रम अहम है। पूर्वाह्न 11 बजे इसकी शुरुआत रूसी राष्ट्रपति को सम्मानित करने से होगी। राष्ट्रपति भवन में सेरेमोनियल रिसेप्शन होगा। इसके बाद 11.30 बजे राष्ट्रपति पुतिन राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। 11 बजकर 50 मिनट पर हैदराबाद हाउस में उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री मोदी से होगी। दोनों नेता इस दौरान सभी मुद्दों पर बातचीत करेंगे। इसके बाद 1 बजकर 50 मिनट पर मीडिया के सामने संयुक्त बयान जारी करेंगे।

फिर तीन बजकर 40 मिनट पर टीबीसी में भारत-रूस बिजनेस फोरम को दोनों नेता संबोधित करेंगे। इसके बाद शाम सात बजे भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु रूसी राष्ट्रपति के लिए डिनर आयोजित करेंगी। पुतिन रूस के सरकारी ब्रॉडकास्टर आरटी का नया इंडिया चैनल भी लॉन्च करेंगे, जो मीडिया आउटरीच और सॉफ्ट-पावर एंगेजमेंट को बढ़ाने का संकेत है। फिर रात नौ बजे राष्ट्रपति पुतिन रूस के लिए रवाना हो जाएंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular