रोहित शर्मा ने भविष्य को लेकर अटकलों को किया खारिज, बोले – इंग्लैंड के खिलाफ मैचों व चैम्पियंस ट्रॉफी पर ध्यान

नागपुर, 5 फरवरी। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने भविष्य के बारे में अटकलों को खारिज करते हुए बुधवार को कहा कि ऐसे समय में उनके करिअर के बारे में बात करना अप्रासंगिक है, जब उनका ध्यान इंग्लैंड के खिलाफ तीन एकदिवसीय मुकाबलों और आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी पर है।

इंग्लैंड के खिलाफ एक दिनी सीरीज का पहला मैच गुरुवार को

उल्लेखनीय है कि टीम इंडिया 19 फरवरी से शुरू हो रही चैम्पियंस ट्रॉफी की तैयारी इंग्लैंड के खिलाफ तीन एकदिवसीय मैचों की सीरीज के साथ करेगा, जिसका पहला मैच गुरुवार को यहां विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन (वीसीए) ग्राउंड पर खेला जाएगा।

अभी भविष्य की योजनाओं के बारे में बात करना अप्रासंगिक

रोहित ने मैच की पूर्व संध्या पर आहूत नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘जब तीन एकदिवसीय और चैम्पियंस ट्रॉफी का आयोजन होना है तो मेरे लिए अपने भविष्य की योजनाओं के बारे में बात करना कितना प्रासंगिक है। (मेरे भविष्य पर) खबरें कई वर्षों से चल रही हैं और मैं उन खबरों पर स्पष्टीकरण देने के लिए यहां नहीं हूं।’

‘चैम्पियंस ट्रॉफी के बाद देखूंगा कि क्या होता है

भारतीय कप्तान ने कहा, ‘मेरे लिए तीन मैच (इंग्लैंड के खिलाफ) और चैम्पियंस ट्रॉफी बहुत महत्वपूर्ण हैं। मेरा ध्यान इन मुकाबलों पर है और मैं देखूंगा कि इसके बाद क्या होता है।’ उल्लेखनीय है कि रोहित पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं और ऑस्ट्रेलिया में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में उन्होंने पांच पारियों में 6.20 के औसत से सिर्फ 31 रन बनाए थे।

इसमें कोई संदेह नहीं कि रोहित निकट भविष्य में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बारे में नहीं सोच रहे हैं, लेकिन ऐसी खबरें हैं कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने उनसे चैम्पियंस ट्रॉफी के बाद अपनी भविष्य की योजनाओं के बारे में बताने को कहा है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular