अखिलेश यादव व जया बच्चन सहित 300 मेहमानों की मौजूदगी में रिंकू ने सांसद प्रिया को पहनाई रिंग
लखनऊ, 8 जून। अत्यल्प समय में ही विस्फोटक मध्यक्रम बल्लेबाज की ख्याति अर्जित कर चुके टीम इंडिया के होनहार सदस्य रिंकू सिंह ने आज समाजवादी पार्टी (SP) की सांसद प्रिया सरोज को अपनी जीवन संगिनी बनाने की पहली रस्म निभाई।
भारत के लिए दो एकदिवसीय व 33 टी-20 मुकाबले खेल चुके रिंकू और प्रिया सरोज की सगाई की रस्म यहां पांच सितारा होटल सेंट्रम के फलकर्न हॉल में पूरी की गई। प्रिया के विधायक पिता तूफानी सरोज के आमंत्रण पर समारोह में उपस्थित सपा प्रमुख अखिलेश अखिलेश व उनकी सांसद पत्नी डिंपल यादव, जया बच्चन, BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, सांसद पुष्पेंद सरोज, सांसद इकरा हसन और केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान समेत लगभग 300 मेहमानों की मौजूदगी में रिंकू व प्रिया ने एक दूसरे को रिंग पहनाई।

परिवारीजन, रिश्तेदारों और मित्रों की उपस्थिति में रिंकू और प्रिया ने होटल सेंट्रम में प्री-इंगेजमेंट शूटिंग भी कराई। सफेद शेरवानी में रिंकू और हल्के गुलाबी लहंगे में प्रिया सरोज एक-दूसरे का हाथ थामे स्टेज तक पहुंचे और विधि-विधान से रस्म पूरी कीं।
प्रिया ने रिंकू के लिए कोलकाता से डिजाइनर रिंग ली थी वहीं रिंकू ने भी प्रिया के लिए मुंबई से विशेष अंगूठी मंगवाई। दोनों की अंगूठी की कीमत 2.5 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। सगाई में रिंकू सिंह स्टाइलिश कोट-पैंट में थे, जिसे मुंबई के नामचीन फैशन डिजाइनर ने तैयार किया है। रिंकू के परिवार वालों ने भी सगाई में दुल्हन प्रिया को दिए जाने वाले शगुन के लिए शानदार जेवर और साड़ियां खरीदीं।
इंडियन प्रीमियर लीग में दमदार प्रदर्शन से सुर्खियों में आए 27 वर्षीय रिंकू की बात करें तो उन्होंने अलीगढ़ के एक निम्न-मध्यमवर्गीय परिवार से निकलकर क्रिकेट में अपना मुकाम बनाया है। वहीं 27 वर्षीया प्रिया सरोज कॉन्वेंट एजुकेटिड और राजनीतिक परिवार से हैं। दोनों की पहली मुलाकात वर्ष 2023 में हुई थी।
वहीं दो बार के पूर्व सांसद व मौजूदा समय केराकत (सुरक्षित) के सपा विधायक तूफानी सरोज और मुन्नी देवी की इकलौती बेटी प्रिया सरोज 2024 के लोकसभा चुनाव में जौनपुर के मछलीशहर से सांसद चुनी गईं। वह उत्तर प्रदेश से सबसे युवा सासंद हैं। प्रिया उन सात संसद सदस्यों में हैं, जिनकी उम्र 25 की थी। पेशे से अधिवक्ता प्रिया सुप्रीम कोर्ट में वकालत करती हैं।
