1. Home
  2. हिंदी
  3. राष्ट्रीय
  4. गणतंत्र दिवस की परेड इस बार ‘महिला केंद्रित’ होगी, वाद्ययंत्रों के साथ 100 महिला कलाकार शुरू करेंगी परेड
गणतंत्र दिवस की परेड इस बार ‘महिला केंद्रित’ होगी, वाद्ययंत्रों के साथ 100 महिला कलाकार शुरू करेंगी परेड

गणतंत्र दिवस की परेड इस बार ‘महिला केंद्रित’ होगी, वाद्ययंत्रों के साथ 100 महिला कलाकार शुरू करेंगी परेड

0
Social Share

नई दिल्ली, 20 जनवरी। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 26 जनवरी को कर्त्तव्य पथ पर आयोजित किया जाने वाला 75वां गणतंत्र दिवस समारोह काफी हद तक ‘महिला केंद्रित’ होगा, जिसका मुख्य विषय ‘भारत का लोकतंत्र और एक विकसित राष्ट्र बनने का संकल्प’ है। रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने ने संवाददाताओं को यह जानकारी देते हुए बताया कि पहली बार 100 महिला कलाकारों द्वारा भारतीय संगीत वाद्ययंत्रों के साथ परेड की शुरुआत की जाएगी।

परेड में पहली बार तीनों सेनाओं से सिर्फ महिलाओं की टुकड़ी भाग लेगी

गिरिधर अरमाने ने बताया कि परेड में पहली बार तीनों सेनाओं से सिर्फ महिलाओं की टुकड़ी भी मार्ग पर मार्च करते हुए दिखाई देंगी और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की टुकड़ियों में भी महिलाकर्मी शामिल होंगी। उन्होंने कहा, ‘इस साल गणतंत्र दिवस परेड में महिलाओं का सबसे अच्छा प्रतिनिधित्व देखने को मिलेगा। परेड में फ्रांस की 95 सदस्यीय मार्चिंग टीम और 33 सदस्यीय बैंड दल भी हिस्सा लेंगे।’

फ्रांसीसी राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रों समारोह के मुख्य अतिथि होंगे

अरमाने ने कहा कि वायु सेना के विमान के साथ एक मल्टी रोल टैंकर ट्रांसपोर्ट (एमआरटीटी) विमान और फ्रांसीसी वायु सेना के दो राफेल लड़ाकू जेट ‘फ्लाई-पास्ट’ में भाग लेंगे। गणतंत्र दिवस समारोह में फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रों मुख्य अतिथि होंगे। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत’ और ‘भारत-लोकतंत्र की मातृका’ थीम के साथ 26 जनवरी को कर्तव्य पथ पर 75वीं गणतंत्र दिवस परेड महिला केंद्रित होगी।

उन्होंने कहा कि महिला मार्चिंग टुकड़ियां परेड का प्रमुख हिस्सा होंगी, जिसमें राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों (यूटी) एवं केंद्रीय मंत्रालयों की अधिकतर झांकियां देश की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता, एकता और प्रगति को रेखांकित करेंगी। उन्होंने कहा, विषयों का चयन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों के अनुरूप किया गया है कि ‘भारत वास्तव में लोकतंत्र की जननी है’।

संस्कृति मंत्रालय कर्तव्य पथ पर अनंत सूत्र द एंडलेस थ्रेडका प्रदर्शन करेगा

एक और अनूठी पहल के तहत संस्कृति मंत्रालय कर्तव्य पथ पर ‘अनंत सूत्र – द एंडलेस थ्रेड’ का प्रदर्शन करेगा। इस वर्ष परेड देखने के लिए लगभग 13,000 ‘विशेष अतिथियों’ को भी आमंत्रित किया गया है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की महिला अंतरिक्ष वैज्ञानिक, योग शिक्षक (आयुष्मान भारत), अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के विजेता और पैरालम्पिक पदक विजेता भी विशेष अतिथि के रूप में परेड में शामिल होंगे।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code