IIT बॉम्बे छात्र साहिल वाकोडे के परिवार से राहुल गांधी ने की बात, न्याय के लिए हर संभव मदद का दिया भरोसा

नई दिल्ली, 24 सितंबर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे के परिजनों से फोन पर बातचीत कर उन्हें समर्थन का भरोसा दिया है। महाराष्ट्र कांग्रेस ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। साहिल की पिछले सप्ताह आईआईटी पवई परिसर में कथित आत्महत्या के बाद यह मामला लगातार चर्चा में है। महाराष्ट्र कांग्रेस के मुताबिक, राहुल गांधी ने साहिल के परिवार से बातचीत के दौरान उनके प्रति संवेदना जताई और न्याय दिलाने के लिए हर संभव मदद का भरोसा दिया।

यूथ कांग्रेस करेगी प्रेस कॉन्फ्रेंस

मामले को लेकर गुरुवार दोपहर यूथ कांग्रेस की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस प्रस्तावित है। इसमें साहिल वाकोडे की मौत के मामले में आगे की रणनीति और आंदोलन की दिशा की घोषणा किए जाने की संभावना है। साहिल की मौत के बाद उनके परिवार ने आईआईटी बॉम्बे प्रशासन और कुछ अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की जांच फिलहाल मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच कर रही है। मंगलवार को क्राइम ब्रांच ने साहिल के माता-पिता के बयान भी दर्ज किए। परिजनों ने प्रोफेसर सूर्यनारायण दूल्ला की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

परीक्षा में मोबाइल और ChatGPT के इस्तेमाल का मामला

आईआईटी बॉम्बे के अनुसार, साहिल को परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पाया गया था। संस्थान ने बताया कि वह परीक्षा में सवालों के जवाब हासिल करने के लिए ChatGPT का इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहा था। साहिल ऊर्जा विज्ञान एवं इंजीनियरिंग विभाग में द्वितीय वर्ष का छात्र था।

संस्थान के मुताबिक, परीक्षा प्रशिक्षक और विभाग प्रमुख ने इस मामले को लेकर साहिल से बातचीत की थी। उन्होंने छात्र को समझाया और भरोसा दिलाया था कि इस घटना का उसके करियर पर कोई प्रतिकूल असर नहीं पड़ेगा। बातचीत के बाद साहिल अपने हॉस्टल के कमरे में लौट गया। बाद में उसी शाम वह अपने कमरे में मृत पाया गया।

मौत के बाद छात्रों ने किया था प्रदर्शन

घटना के बाद आईआईटी बॉम्बे के छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया था। छात्रों और परिवार की ओर से मामले में जवाबदेही और कार्रवाई की मांग उठाई गई है। फिलहाल मुंबई क्राइम ब्रांच पूरे मामले की जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular