पीएम मोदी के ऐलान पर राहुल गांधी का पलटवार, कहा- धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाएं, छात्रों से मांगें माफी
नई दिल्ली, 23 जुलाई। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पेपर लीक मामले को लेकर एक बार फिर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई है। गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेपर लीक मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन की घोषणा के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर सरकार पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में लिखा, “आपने ही हमारे युवाओं के भविष्य को सबसे अधिक नुकसान पहुंचाया है। आपने हमारी शिक्षा व्यवस्था पर पूरा कब्जा होने और उसे बर्बाद होने दिया। उसे बढ़ावा भी दिया और इसके जिम्मेदार हर व्यक्ति को संरक्षण दिया।”
उन्होंने आगे कहा कि छात्रों की मांग बिल्कुल स्पष्ट है। “धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाया जाए, छात्रों से माफी मांगी जाए और छात्रों के साथ हिंसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।” इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की थी कि देशभर में पेपर लीक के सभी मामलों के त्वरित निस्तारण और दोषियों को जल्द कठोर सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस संबंध में संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर लिखा था कि देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए उठाया गया यह एक महत्वपूर्ण कदम है और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
