Homeहिन्दीराष्ट्रीयOdisha Accident : ढेंकानाल में तालाब में गिरी कार, शादी से लौट...

Odisha Accident : ढेंकानाल में तालाब में गिरी कार, शादी से लौट रहे 5 युवकों की मौत

ढेंकानाल, 23 जुलाई। ओडिशा के ढेंकानाल जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई। शादी समारोह से लौट रहे सात युवकों की कार अचानक अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी। हादसे में पांच युवकों की डूबने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। यह हादसा ढेंकानाल सदर थाना क्षेत्र के छतिया गांव में हुआ। पुलिस के अनुसार, सभी युवक शादी समारोह में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे तालाब में जा गिरी।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दो युवकों को जीवित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन पांच अन्य युवकों की पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान चंद्रकांत स्वाइन (चालक), अभिनाश साहू, राकेश साहू, श्रीराम साहू और अभिजीत साहू के रूप में हुई है। इनमें चार युवक ढेंकानाल जिले के मोतांगा क्षेत्र के बंगुरिसिंह गांव के निवासी थे, जबकि अभिजीत साहू सिमिनाई गांव का रहने वाला था।

पुलिस के अनुसार, सभी मृतकों की उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच थी। घटना में घायल दोनों युवकों को ढेंकानाल जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होकर तालाब में गिरने की बात सामने आई है। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments