Punjab Police: मोल्दोवा से जग्गू भगवानपुरिया गैंग के सदस्य का प्रत्यर्पण, यूरोप से पहली बार भगोड़ा अपराधी लाया गया भारत

चंडीगढ़, 12 सितंबर। पंजाब पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए यूरोप से पहली बार किसी भगोड़े अपराधी का प्रत्यर्पण कराने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों और अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों की मदद से मोल्दोवा गणराज्य से अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत डालम को भारत वापस लाया है। अमृतपाल सिंह को जग्गू भगवानपुरिया गैंग का अहम सदस्य बताया जा रहा है। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अमृतपाल सिंह हत्या, हत्या के प्रयास, गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA), आर्म्स एक्ट और मादक पदार्थों से जुड़े कई मामलों में वांछित था।

यूरोप से प्रत्यर्पण का पंजाब पुलिस का पहला मामला

डीजीपी गौरव यादव के मुताबिक, किसी यूरोपीय देश से पंजाब पुलिस द्वारा भगोड़े अपराधी का प्रत्यर्पण कराया जाना पहली बार हुआ है। उन्होंने इसे संगठित अपराध के खिलाफ पंजाब पुलिस की कार्रवाई में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन ईस्टर्न रीच’ की सफलता एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) पंजाब और ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्रैडिशन सेल (OFTEC) पंजाब की लगातार निगरानी और खुफिया जानकारी के आधार पर किए गए प्रयासों का नतीजा है। यह अभियान करीब छह महीने तक चला। इस दौरान पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों और अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा।

मोल्दोवा और अजरबैजान के अधिकारियों का भी सहयोग

डीजीपी गौरव यादव ने इस अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई में सहयोग के लिए मोल्दोवा और अजरबैजान के अधिकारियों का आभार जताया। इसके अलावा उन्होंने सीबीआई की इंटरनेशनल पुलिस कोऑपरेशन यूनिट, केंद्रीय गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय और अन्य केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग की भी सराहना की। पुलिस के मुताबिक, इस पूरी कार्रवाई में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सूचनाओं के आदान-प्रदान और खुफिया इनपुट के आधार पर भगोड़े अपराधी की लोकेशन का पता लगाया गया।

‘गैंगस्टरन ते वार’ अभियान में 69 हजार से ज्यादा गिरफ्तारियां

इधर, पंजाब पुलिस का गैंगस्टर विरोधी अभियान ‘गैंगस्टरन ते वार’ शनिवार को 235वें दिन में पहुंच गया। अभियान के तहत पुलिस ने राज्यभर में गैंगस्टरों और उनके सहयोगियों से जुड़ी चिन्हित एवं मैप की गई जगहों पर व्यापक छापेमारी की। पुलिस के अनुसार, एक दिन पहले राज्यभर में 601 ठिकानों पर छापेमारी की गई। यह अभियान पंजाब के डीजीपी द्वारा 20 जनवरी को शुरू किया गया था। इसके बाद से सभी जिलों की पुलिस टीमें एजीटीएफ के साथ मिलकर गैंगस्टरों और उनके नेटवर्क के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चला रही हैं।

एक दिन में 261 गिरफ्तारियां, चार हथियार बरामद

शुक्रवार को चलाए गए अभियान के दौरान पंजाब पुलिस ने चार हथियार बरामद किए और 261 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, अभियान शुरू होने के बाद से अब तक कुल 69,703 गिरफ्तारियां की जा चुकी हैं। इसके अलावा 236 लोगों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई भी की गई है। आधिकारिक बयान के अनुसार, अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने आठ घोषित अपराधियों को भी गिरफ्तार किया। पंजाब पुलिस का कहना है कि गैंगस्टर नेटवर्क को कमजोर करने और राज्य में संगठित अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular