1. Home
  2. हिंदी
  3. राष्ट्रीय
  4. राष्ट्रपति मुर्मू ने कर्पूरी ठाकुर, चौधरी चरण सिंह, नरसिम्हा राव और स्वामीनाथन को मरणोपरांत दिया भारत रत्न सम्मान
राष्ट्रपति मुर्मू ने कर्पूरी ठाकुर, चौधरी चरण सिंह, नरसिम्हा राव और स्वामीनाथन को मरणोपरांत दिया भारत रत्न सम्मान

राष्ट्रपति मुर्मू ने कर्पूरी ठाकुर, चौधरी चरण सिंह, नरसिम्हा राव और स्वामीनाथन को मरणोपरांत दिया भारत रत्न सम्मान

0
Social Share

नई दिल्ली, 30 मार्च। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में शनिवार को आयोजित समारोह में पूर्व प्रधानमंत्रियों – पी.वी. नरसिंह राव व चौधरी चरण सिंह, ‘जननायक’ कर्पूरी ठाकुर और कृषि वैज्ञानिक एम.एस. स्वामीनाथन को मरणोपरांत ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया। पी.वी नरसिम्हा राव, चौधरी चरण सिंह, कर्पूरी ठाकुर और एम.एस स्वामीनाथन को दिए गए पुरस्कार उनके परिवार के सदस्यों ने लिए।

पूर्व पीएम दिवंगत पी.वी. नरसिम्हा राव के बेटे पी.वी. प्रभाकर राव, दिवंगत चौधरी चरण सिंह के पौत्र व राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) प्रमुख जयंत सिंह, दिवंगत कृषि वैज्ञानिक एम.एस. स्वामीनाथन की बेटी नित्या राव और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत कर्पूरी ठाकुर के बेटे रामनाथ ठाकुर ने राष्ट्रपति के हाथों यह सम्मान ग्रहण किया। ‘भारत रत्न’ अलंकरण समारोह में उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके मंत्रिमंडल के अधिकतर सदस्य सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति इस समारोह में उपस्थित थे।

राष्ट्रपति कल लालकृष्ण आडवाणी को उनके आवास जाकर सम्मानित करेंगी

उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने इस वर्ष राव, सिंह, ठाकुर और स्वामीनाथन के अलावा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिग्गज नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न पुरस्कार देने की घोषणा की थी। राष्ट्रपति मुर्मू रविवार को लालकृष्ण आडवाणी के आवास जाकर उन्हें यह अलंकरण प्रदान करेंगी। उस अवसर पर पीएम मोदी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।

अब तक 53 शख्सियतों को दिया जा चुका है ‘भारत रत्न

चौधरी चरण सिंह, पी वी नरसिम्हा राव, कर्पूरी ठाकुर और ‘हरित क्रांति के जनक’ एम एस स्वामीनाथन को भारत रत्न देने के फैसले से देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान पाने वालों की संख्या 53 हो गई है। इनमें से पांच शख्सियतों को 2024 में यह सम्मान देने की घोषणा की गई, जो अब तक एक वर्ष में अधिकतम संख्या है। इससे पहले 1999 में चार शख्सियतों को भारत रत्न से सम्मानित किया गया था।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code