स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का राष्ट्र के नाम संबोधन आज

नई दिल्ली, 13 अगस्त। देशभर में 15 अगस्त को 79वां स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस की पूर्वसंध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु परंपरा के अनुसार राष्ट्र को संबोधित करेंगी। राष्ट्रपति मुर्मू का संबोधन गुरुवार की शाम सात बजे आकाशवाणी के संपूर्ण राष्ट्रीय नेटवर्क पर प्रसारित किया जाएगा। वहीं दूरदर्शन के सभी चैनलों पर उनके संबोधन का हिन्दी और फिर अंग्रेजी संस्करण प्रसारित किया जाएगा।

दूरदर्शन पर हिन्दी और अंग्रेजी में संबोधन के प्रसारण के बाद दूरदर्शन के क्षेत्रीय चैनलों द्वारा क्षेत्रीय भाषाओं में भी इसका प्रसारण किया जाएगा। आकाशवाणी भी अपने संबंधित क्षेत्रीय नेटवर्क पर रात के 9.30 बजे क्षेत्रीय भाषाओं में इसका प्रसारण करेगा। इसके बाद 15 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 79वें स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली के लालकिले की प्राचीर से लगातार 12वीं बार राष्ट्र को संबोधित करेंगे।

राष्ट्रपति मुर्मू इससे पहले 25 जनवरी को 76वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर भी राष्ट्र को संबोधित कर चुकी हैं। उस समय उन्होंने भारत के संविधान के 75 वर्ष पूरे होने और भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती का विशेष उल्लेख किया था, जिन्हें अग्रणी स्वतंत्रता सेनानियों में गिना जाता है। उन्होंने कहा था कि अब राष्ट्रीय इतिहास में उनकी भूमिका को समुचित सम्मान मिल रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular