राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अयोध्या में किए रामलला के दर्शन, सरयू घाट पर महाआरती में भी शामिल हुईं

अयोध्या, 1 मई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार को अयोध्या स्थित राम मंदिर पहुंचीं और रामलला के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने मंदिर में रामलला की आरती भी की। राम मंदिर बनने के बाद पहली बार अयोध्या दौरे पर पहुंची राष्ट्रपति मुर्मू ने राम मंदिर आने से पहले श्री हनुमान गढ़ी मंदिर जाकर दर्शन पूजन किया।

राम मंदिर में दर्शन से पहले राष्ट्रपति सरयू नदी के घाट पर महाआरती में भी शामिल हुईं। इसके अलावा उन्होंने कुबेर टीला में भी पूजा की और दिव्य पक्षी जटायु की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अयोध्या पहुंचने पर महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति का स्वागत किया।

रामलला के दिव्य दर्शन के बाद राष्ट्रपति मुर्मू ने X पर एक पोस्ट में लिखा कि उन्हें प्रभु श्री राम के दिव्य बाल रूप को देखने का सौभाग्य मिला है। राम मंदिर भारतीय समाज और संस्कृति के आदर्शों का जीवंत प्रतीक है। राम मंदिर लोगों को सभी के कल्याण के लिए काम करने के लिए प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने प्रभु श्री राम का आशीर्वाद लिया और सभी नागरिकों की समृद्धि के लिए प्रार्थना की।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे के बाद श्री राम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येन्द्र दास ने मीडिया से बातचीत में कहा, ‘बहुत आनंद आया। राष्ट्रपति ने राम लला के दर्शन किए। उन्होंने आरती की। मुझे लगता है कि यह भगवान राम के सभी भक्तों के लिए एक सबक है कि प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति भगवान राम के प्रति कितने समर्पित हैं।’

उत्तराखंड सीएम भी पहुंचे राम मंदिर

इस बीच उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी बुधवार को राम मंदिर पहुंचे और रामलला के दर्शन किए। इसको लेकर सीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी वीडियो शेयर किया है।

दरअसल, धामी की मौजूदगी में बुधवार को संसदीय क्षेत्र अयोध्या (उत्तर प्रदेश) से भाजपा प्रत्याशी लल्लू सिंह ने नामांकन पत्र दाखिल किया था। इसके बाद उत्तराखंड सीएम राम मंदिर दर्शन करने पहुंचे थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular