ब्रिटिश महारानी एलिजाबेथ द्वितीय की राजकीय अंत्येष्टि में शामिल हुईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

लंदन, 19 सितम्बर। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को यहां ब्रिटिश महारानी एलिजाबेथ द्वितीय को अंतिम विदाई देने के लिए वेस्टमिंस्टर एबे में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और दुनियाभर से आए शाही परिवारों के सदस्यों सहित लगभग 500 वैश्विक नेताओं के साथ शरीक हुईं।

महारानी की राजकीय अंत्येष्टि में शामिल हुए आधिकारिक भारतीय शिष्टमंडल में राष्ट्रपति मुर्मू और विदेश सचिव विनय क्वात्रा शामिल रहे। मुर्मू ब्रिटिश महारानी की राजकीय अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए तीन दिनों की यात्रा पर शनिवार से लंदन में हैं। आज रात ही वह स्वदेश लौट आएंगी।

राष्ट्रपति मुर्मू ने एबे में राजकीय अंत्येष्टि में शामिल होने से पहले बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना और उनकी बहन शेख रेहाना से भी मुलाकात की। राष्ट्रपति भवन ने ट्वीट किया, ‘राष्ट्रपति मुर्मू ने लंदन में राजकीय अंत्येष्टि शुरू होने से कुछ समय पहले बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना और उनकी बहन, शेख रेहाना से मुलाकात की।’

इसके पूर्व मुर्मू रविवार को बकिंघम पैलेस में महाराजा चार्ल्स तृतीय की मेजबानी वाले एक स्वागत कार्यक्रम में विश्व के अन्य सभी नेताओं के साथ शरीक हुईं। इसी स्वागत कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने तंजानिया की राष्ट्रपति, सामिया सुलुहू हसन से मुलाकात की। राष्ट्रपति हसन तंजानिया की पहली महिला राष्ट्रपति हैं। राष्ट्रपति भवन ने ट्वीट ने यह भी जानकारी दी।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular