मध्य पूर्व संकट के बीच पीएम मोदी की अपील- ‘WFH अपनाएं, पेट्रोल-डीजल बचाएं और एक वर्ष तक सोना न खरीदें’
हैदराबाद, 10 मई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीन राज्यों – कर्नाटक, तेलंगाना व गुजरात के दौरे के दूसरे चरण में रविवार की शाम हैदराबाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मध्य पूर्व में जारी जंग के असर को लेकर कई अहम बातें कहीं। उन्होंने यूक्रेन युद्ध का भी जिक्र किया और बताया कि जंग का भारत पर भी गंभीर प्रभाव पड़ रहा है और देशवासियों से यहां तक अपील कर दी कि वे पेट्रोल-डीजल की बचत करें और घर में शादी हो या कोई भी इवेंट तो एक वर्ष तक सोना न खरीदें।

गौरतलब है कि ईरान-अमेरिका युद्ध के चलते पश्चिम एशिया में उपजे तनाव से कच्चे तेल की कीमतों में उछाल देखी जा रही है। वहीं, सोना-चांदी के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं। इसी क्रम में पीएम मोदी ने कहा कि ‘मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे एक वर्ष तक शादियों के लिए सोना न खरीदें।’
कोरोना काल का भी जिक्र किया
प्रधानमंत्री मोदी ने इसके साथ ही कोरोना काल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ‘कोरोना काल के दौरान हमने वर्क फ्रॉम होम (WFH), ऑनलाइन मीटिंग्स और वीडियो कॉन्फ्रेंस जैसी व्यवस्थाओं को अपनाया था। धीरे-धीरे हम इनकी आदत भी डाल चुके थे. आज समय की मांग है कि हम उन व्यवस्थाओं को फिर से प्राथमिकता दें।’

‘पड़ोस में युद्ध चल रहा, हमें इस संकट का सामना एकजुट होकर करना होगा’
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘पिछले दो महीनों से हमारे पड़ोस में जंग चल रही है, जिसका असर दुनिया के साथ-साथ भारत पर भी पड़ा है। भारत के पास बड़े पैमाने पर तेल के भंडार नहीं हैं और युद्ध के चलते पेट्रोल-डीजल आदि के दाम आसमान छू रहे हैं। मौजूदा परिस्थितियों में विदेशी मुद्रा बचाने पर विशेष जोर देने की जरूरत है, इसलिए ईंधन की बचत करना हम सभी की जिम्मेदारी है। नागरिकों पर बोझ न पड़े, इसके लिए सरकार खुद पूरा भार उठा रही है। हमें इस संकट का सामना एकजुट होकर करना होगा।
सर्वविदित है कि दुनिया इस समय बड़े सप्लाई चेन संकट से गुजर रही है। यूक्रेन युद्ध ने वैश्विक कठिनाइयों को और बढ़ा दिया है। पीएम मोदी ने कहा, ‘पिछले 5-6 वर्षों से हमारी सरकार इस संकट से निबटने के लिए लगातार कोशिश कर रही है। विश्वभर में फर्टिलाइजर की एक बोरी लगभग 3000 रुपये में बिक रही है जबकि भारत के किसानों को वही बोरी 300 रुपये से भी कम में उपलब्ध कराई जा रही है।’
PM Sh @narendramodi Ji appeals to the citizens to curtail use of petrol and diesel, use public transport where possible, and car pool as much as possible.
Measures such these will help the nation conserve energy, save on the energy import bill and overcome the challenges arising… pic.twitter.com/D20ItaWFTo— Hardeep Singh Puri (@HardeepSPuri) May 10, 2026
इस बीच पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर PM मोदी का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, प्रधानमंत्री ने नागरिकों से पेट्रोल और डीजल का इस्तेमाल कम करने और जहां संभव हो, सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की अपील की है।’
टीएमसी ने कांग्रेस व लेफ्ट का बुरी आदतें सीख लीं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिकंदराबाद में कांग्रेस और टीएमसी पर निशाना साधते हुए कहा कि इस देश में कांग्रेस ने भ्रष्टाचार और परिवारवाद को बढ़ावा दिया, संवैधानिक संस्थाओं का गला घोंटने का काम किया। जब टीएमसी बनी, तब उसने कांग्रेस से ये सारी बुराइयां सीख लीं। साथ ही लेफ्ट की जितनी बुरी आदतें थीं, उन्हें भी टीएमसी ने अपना लिया।
जनता अब वंशवाद नहीं, विश्वासवाद चुन रही
बंगाल चुनाव के लेकर पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल की जनता ने राजनीति के ऐसे भयावह और तानाशाही मॉडल को पराजित किया है, इसलिए पूरे देश में उत्सव है। उन्होंने आगे कहा कि असम से ओडिशा और बंगाल से पुडुचेरी तक यह सिर्फ चुनावी विस्तार नहीं है बल्कि भारत के राजनीतिक मानस में आए उस परिवर्तन का संकेत है, जहां जनता अब वंशवाद नहीं, विश्वासवाद चुन रही है।
