1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. पीएम मोदी 10 जून को रचेंगे इतिहास, बन जाएंगे भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री
पीएम मोदी 10 जून को रचेंगे इतिहास, बन जाएंगे भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री

पीएम मोदी 10 जून को रचेंगे इतिहास, बन जाएंगे भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री

0
Social Share

नई दिल्ली, 3 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 10 जून को भारतीय लोकतंत्र में नया इतिहास रचने जा रहे हैं, जब वह स्वतंत्र भारत के लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का रिकार्ड बनाएंगे। अब तक यह रिकार्ड देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू के नाम है।

देश के पहले पीएम पं. जवाहर लाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ेंगे

पीएम मोदी ने 26 मई, 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद से वह देश के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में लगातार काम कर रहे हैं। आगामी 10 जून को प्रधानमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल के 4399 दिन पूरे हो जाएंगे। यह पंडित नेहरू के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में 4398 दिन के कार्यकाल से अधिक है।

10 जून को पीएम मोदी के कार्यकाल के 4399 दिन पूरे हो जाएंगे

पंडित नेहरू 13 मई, 1952 से 27 मई 1964 तक प्रधानमंत्री रहे थे। वैसे पंडित नेहरू आजादी के बाद 15 अगस्त, 1947 को भारत के प्रधानमंत्री बने थे, लेकिन तब वह निर्वाचित नहीं बल्कि अंतरिम सरकार में प्रधानमंत्री थे।

इससे पहले नरेंद्र मोदी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के 4077 दिन के कार्यकाल से आगे निकल गए थे। श्रीमती गांधी 24 जनवरी, 1966 से 24 मार्च, 1977 तक लगातार प्रधानमंत्री रही थीं। यद्यपि वह बाद में 1980 में भी प्रधानमंत्री चुनी गई थीं।

वैसे देखा जाए तो नरेंद्र मोदी मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में भी 9000 से भी अधिक दिन तक कार्य कर चुके हैं। उन्होंने लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में 9 जून, 2024 को शपथ ली थी।

सूत्रों के अनुसार 10 जून को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन राजग की राज्य सरकारों के मुख्यमंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक होगी, जिसमें पीएम मोदी को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी जायेगी। इस अवसर पर एक प्रस्ताव भी पारित किए जाने की संभावना है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code