आईटी शेयरों में बड़ी बिकवाली शेयर बाजार फिर धड़ाम, सेंसेक्स 304 अंक टूटा, निफ्टी 78 अंक कमजोर
मुंबई, 3 जून। आईटी सेक्टर की अगुआई में मेटल व कंज्यूमर ड्यूरेबल्स के शेयरों ने यदि 24 घंटे पहले घरेलू बाजार में पिछले चार दिनों की गिरावट थामने के साथ कुछ हद तक रौनक लौटाई थी तो बुधवार को आईटी शेयरों में ही बड़ी बिकवाली दिखी और इसका नतीजा यह हुआ कि दोनों बेंचमार्क इंडेक्स उतार-चढ़ाव के बीच फिर धड़ाम से जा गिरे।
बीएसई सेंसेक्स जहां 304 अंक टूटा वहीं एनएसई निफ्टी 78 अंकों की कमजोरी लेकर ठहरा। विश्लेषकों की मानें तो आईटी शेयरों में भारी बिकवाली के साथ कच्चे तेल की कीमत में फिर आई तेजी और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की लगातार पूंजी निकासी से से भी बाजार की धारणा कमजोर हुई।
सेंसेक्स 0.41 प्रतिशत टूटकर 74,346.17 अंक पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 303.67 अंक यानी 0.41 प्रतिशत टूटकर 74,346.17 अंक पर बंद हुआ। पिछले सत्र के मुकाबले 142 अंकों की गिरावट के साथ खुला सूचकांक कारोबार के दौरान एक समय 1,157.24 अंकों तक लुढ़क कर 73,492.60 पर दिन के निम्नतम स्तर तक जा पहुंचा था। हालांकि मध्याह्न बाद मुख्य रूप से बैंकिंग शेयरों में आई तेजी से इसमें काफी सुधार हुआ और यह ऊपर में 74,515.65 अंक तक गया। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 13 के स्टॉक हरे निशान पर रहे तो 17 में कमजोरी रही।
निफ्टी 77.95 अंकों की गिरावट से 23,405.60 पर बंद
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 77.95 अंक यानी 0.33 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,405.60 अंक पर बंद हुआ। यह सूचकांक भी कारोबार के मध्य में 332.05 अंकों की गिरावट के साथ 23,151.50 पर दिन के निचले स्तर तक चला गया था। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 22 के शेयर मजबूत हुए तो 28 में गिरावट दर्ज की गई।
व्पायक बाजार पर नजर डालें तो मझोली कम्पनियों का सूचकांक बीएसई मिडकैप सेलेक्ट 0.73 प्रतिशत नीचे आया जबकि छोटी कम्पनियों से संबंधित स्मॉलकैप सेलेक्ट 0.15 प्रतिशत टूटा।
TCS के स्टॉक में 8.43 प्रतिशत की गिरावट
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के स्टॉक में 8.43 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। टेक महिंद्रा (6.23 प्रतिशत), एचसीएल टेक (5.25 प्रतिशत) और इन्फोसिस (3.82 प्रतिशत) भी नुकसान में रहीं। इसके अलावा आईटीसी, इटर्नल, लार्सन एंड टुब्रो और बजाज फाइनेंस में प्रमुख रूप से गिरावट आई। दूसरी तरफ लाभ में रहने वाले शेयरों में इंटरग्लोब एविएशन, भारतीय स्टेट बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और ट्रेंट शामिल हैं।
एफआईआई ने 8,362.92 करोड़ रुपये के शेयर बेचे
शेयर बाजार आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 8,362.92 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड तीन प्रतिशत बढ़कर 98.92 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
