दिल्ली में चुनावी मंच पर पीएम मोदी ने भाजपा प्रत्याशी रवींद्र नेगी के 3 बार छुए पैर

नई दिल्ली, 29 जनवरी। दिल्ली विधानसभा चुनाव के निमित्त जारी प्रचार अभियान के बीच बुधवार की शाम एक चुनावी मंच पर अजीबोगरीब नजारा देखने को मिला, जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक उम्मीदवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पैर छू लिए तो उन्होंने (पीएम मोदी) झुकते हुए तीन बार उस प्रत्याशी के पैर छू लिए।

दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी पांच फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उत्तर-पूर्वी दिल्ली के करतार नगर में एक जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे। क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार एक-एक कर मंच पर पीएम मोदी से मिल रहे थे। इसी दौरान जब पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्र से पार्टी उम्मीदवार रवींद्र नेगी की बारी आई तो उन्होंने झुककर अपने बाएं हाथ से पीएम मोदी के दोनों पैर छुए।

इसके बाद पीएम मोदी भी तत्काल झुक गए और लगातार तीन बार नेगी के पैर छूते नजर आए। इस दौरान नेगी खड़े थे और वह मुस्कुरा भी रहे थे। बाद में पीएम मोदी ने उन्हें आगे बढ़ने का इशारा किया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से लोगों द्वारा साझा किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि पीएम मोदी को अक्सर देखा गया है कि जब कोई बुजुर्ग महिला या पुरुष उनके पैर छूता है तो वह भी उनके पैर छू लेते हैं। लेकिन यह संभवत: पहली बार है, जब मोदी को किसी भाजपा उम्मीदवार के पैर छूते हुए देखा गया।

पटपड़गंज विधानसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार हैं रवींद्र नेदी

रवींद्र नेगी पूर्वी दिल्ली की पटपड़गंज विधानसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार हैं। उनका मुकाबला आम आदमी पार्टी के अवध ओझा और कांग्रेस के चौधरी अनिल कुमार से है। पिछले विधानसभा चुनाव में यहां से दिल्ली के तत्कालीन उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने जीत दर्ज की थी। वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में सिसोदिया को नेगी से कड़ी टक्कर मिली थी। सिसोदिया 3,200 से अधिक मतों से यह चुनाव जीत पाए थे।

दिल्ली नगर निगम के सदस्य नेगी क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहते हैं

48 वर्षीय नेगी वर्तमान में दिल्ली नगर निगम के सदस्य हैं और विनोद नगर वार्ड-198 से पार्षद हैं। वह क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहते हैं और उनकी छवि कट्टर हिन्दू की भी है। मुसलमानों की पहचान से संबंधित उनके कई विवादित वीडियो अक्सर सोशल मीडिया पर साझा भी किए जाते रहे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular