पीएम मोदी ने नामांकन दाखिले से पहले एनडीए की राष्‍ट्रपति पद की उम्‍मीदवार द्रौपदी मुर्मू से की भेंट

नई दिल्ली, 23 जून। प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी ने गुरुवार को यहां राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की राष्‍ट्रपति पद की उम्‍मीदवार द्रौपदी मुर्मू से भेंट की। वह वह शुक्रवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगी।

मुर्मू की उम्‍मीदवारी का देशभर में सभी वर्गों ने किया स्‍वागत

द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने कहा कि राष्‍ट्रपति पद के लिए द्रौपदी मुर्मू की उम्‍मीदवारी का देशभर में सभी वर्गों ने स्‍वागत किया है। समाज के निचले स्‍तर की समस्‍याओं की उनकी समझ और भारत के विकास का उनका विजन अत्‍यंत व्‍यापक है।

गृह मंत्री अमित शाह ने भी मुर्मू से भेंट कर बधाई व शुभकामनाएं दी

बाद में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी द्रौपदी मुर्मू से भेंट की। अमित शाह ने एक ट्वीट में लिखा, ‘NDA के राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी से भेंट कर उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दीं। उनके नाम की घोषणा से ही जनजातीय समाज अत्यंत गौरव की अनुभूति कर रहा है। मुझे विश्वास है कि उनके प्रशासनिक व सार्वजनिक अनुभव का लाभ पूरे देश को मिलेगा।’

इसके पूर्व द्रौपदी मुर्मू का दिन में राष्ट्रीय राजधानी में आगमन हुआ था। वह शुक्रवार को एनडीए के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल करेंगी। वहीं विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा 27 जून को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। मतदान 18 जुलाई को होगा और वोटों की गिनती 21 जुलाई को होगी।

गौरतलब है कि यूपीए और अन्‍य विपक्षी दलों ने तृणमूल कांगेस के पूर्व नेता यशवंत सिन्‍हा को 21 जून को सर्वसम्मति से राष्ट्रपति चुनाव के उम्मीदवार के रूप में चुना था। उसी दिन एनडीए ने भी द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद के अपने उम्मीदवार के रूप में चुना था।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular