1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. गुजरात : पीएम मोदी ने वाव-थराड में 20 हजार करोड़ की विकास योजनाओं का किया शुभारंभ
गुजरात : पीएम मोदी ने वाव-थराड में 20 हजार करोड़ की विकास योजनाओं का किया शुभारंभ

गुजरात : पीएम मोदी ने वाव-थराड में 20 हजार करोड़ की विकास योजनाओं का किया शुभारंभ

0
Social Share

वाव-थराड (गुजरात), 31 मार्च। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को गुजरात के वाव-थराड में लगभग 20,000 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। यहां एक सार्वजनिक कार्यक्रम से पहले उनका हार्दिक स्वागत किया गया।

पीएम मोदी ने गुजरात के इस दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘अभी कुछ ही दिन पहले पावन नवरात्रि का पर्व पूर्ण हुआ है। यह मां अम्बा जी की कृपा ही है कि मुझे उनके चरणों में आज आने का सौभाग्य मिला है। मैं मां अम्बा जी के चरणों में प्रणाम करता हूं। यह भी एक सुखद संयोग है कि आज हम भगवान महावीर जयंती मना रहे हैं। हमारा यह क्षेत्र अनेकों जैन तीर्थों की धरती है। मैं भगवान महावीर को प्रणाम करता हूं और आप सभी को पवित्र जनकल्याण दिवस की महावीर जयंती की बधाई भी देता हूं।’

डीसा एयरबेस से बढ़ेगी सीमा सुरक्षा

उन्होंने कहा, ‘आज मेरा मन एक और बात से प्रसन्न है। जब मैं यहां आया तो पहली बार मेरा विमान सीधे डीसा एयरबेस पर लैंड हुआ। डीसा का यह एयरबेस अंतरराष्ट्रीय सीमा से महज 130 किमी की दूरी पर है। आप समझ सकते हैं कि यह देश की सुरक्षा के लिए कितना अहम है। डीसा एयरपोर्ट के इस प्रोजेक्ट का विचार आज का नहीं है, बल्कि मैं जब गुजरात का मुख्यमंत्री था, तब से हमने जमीन अधिग्रहीत की। किसान भाइयों ने जमीन दी और हम चाहते थे कि राष्ट्रीय सुरक्षा, पश्चिमी सीमा की सुरक्षा के लिए यह डीसा अत्यंत महत्वपूर्ण है।’

दिल्ली सरकार ने इस प्रोजेक्ट की फाइलों को नीचे कर दिया था

पीएम मोदी ने कहा, ‘तब की दिल्ली सरकार ने इस प्रोजेक्ट की फाइलों को नीचे कर दिया था और जब आपने मुझे दिल्ली भेजा तो मैंने उसे निकाला। इसका ही परिणाम है कि एयरफोर्स का एक बड़ा बेस डीसा से जुड़ गया है। यह सिर्फ हवाई पट्टी नहीं है बल्कि इसके कारण बड़ी गतिविधियां होने वाली हैं। बड़ी संख्या में जवान यहां रह रहे हैं। इस क्षेत्र के विकास में इसका बड़ा योगदान होने वाला है।’ उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रोजेक्ट में देरी पूर्व केंद्र सरकार की वजह से हुई।

‘जितना हो सके, उतना गुजरात को हमने आगे बढ़ाया

प्रधानमंत्री ने कहा कि वाव-थराड और बनासकांठा का यह क्षेत्र, आप सब जानते हैं कि यहां से मेरा कितना लगाव है और आपका अपार प्रेम मैं भूल ही नहीं सकता। मैंने इस काम को मिशन मोड में किया। जितना हो सके, उतना गुजरात को हमने आगे बढ़ाया। आज भी यहां केंद्र और राज्य की करीब 20 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाएं शुरू हो रही हैं। इस प्रोजेक्ट से पूरे इलाके की तस्वीर बदलेगी। यह प्रोजेक्ट यहां के जीवन को नई गति देगा।’

आज गुजरात सौर ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी है

उन्होंने कहा कि आज गुजरात सौर ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी है और इसकी उपलब्धियां सराहनीय हैं। भारत में नवीकरणीय ऊर्जा विकास में यह राज्य सबसे आगे है क्योंकि इसने इस क्षेत्र पर तब ध्यान देना शुरू किया, जब राष्ट्रीय स्तर पर इस पर बहुत कम ध्यान दिया जा रहा था। 2010 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में मैंने एक सौर पार्क की स्थापना की पहल की। एक बहु-प्रौद्योगिकी परियोजना जिसने इस क्षेत्र में सौर ऊर्जा आंदोलन को गति दी।’

गुजरात रिन्यूएबल एनर्जी में दुनिया का बहुत बड़ा केंद्र बनकर उभरेगा

पीएम मोदी ने कहा, ‘वर्ष 2010 में मैंने मुख्यमंत्री रहते हुए सारंगपुर में देश का पहला सोलर पार्क शुरू करवाया था। यह अपने में एक मल्टी-टेक्नोलॉजी पार्क है, जिसने सोलर एनर्जी का मूवमेंट शुरू किया। आज गुजरात में जिस प्रकार सोलर एनर्जी का काम हो रहा है, जैसे आज ही खावड़ा रिन्यूएबल एनर्जी पार्क से जुड़ी परियोजनाएं शुरू हुई हैं। वह दिन दूर नहीं, जब गुजरात रिन्यूएबल एनर्जी में दुनिया का बहुत बड़ा केंद्र बनकर उभरेगा।’

उन्होंने कहा, ‘मुझे आज यहां दशकों पुराना हाल भी याद आया। वह दिन कोई नहीं भूल सकता, जब उत्तर गुजरात का नाम आते ही लोगों के मन में एक अलग ही तस्वीर बनती थी। सूखा, अकाल आदि को कौन भूल सकता है। संघर्ष से भरा यह जीवन, और कांग्रेस सरकार द्वारा हमारी निरंतर उपेक्षा। कौन भूल सकता है वह दिन। जब कई-कई किमी दूर से पानी लाना पड़ता था। हमने पूरे गुजरात में गांव-गांव को अच्छी सड़कों से जोड़ा। हाई-स्पीड हाईवे बनाए। वंदे भारत जैसी हाई-स्पीड ट्रेनों की सुविधा भी गुजरात को मिल रही है।’

 

पश्चिम एशिया की स्थिति का वैश्विक स्तर पर गहरा प्रभाव पड़ रहा

प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि पिछले एक महीने में, दुनियाभर के कई देश युद्ध, अराजकता और अस्थिरता से जूझ रहे हैं। विशेष रूप से पश्चिम एशिया की स्थिति का वैश्विक स्तर पर गहरा प्रभाव पड़ रहा है, जिससे ऊर्जा संकट पैदा हो रहा है जो दुनियाभर के देशों को प्रभावित कर रहा है। इन चुनौतियों के बीच भारत स्थिरता बनाए रखने और स्थिति को नियंत्रण में रखने में सफल रहा है। यह लचीलापन भारत की प्रभावी विदेश नीति और जनता की एकता के कारण संभव हो पाया है।

कुछ राजनीतिक दल मौजूदा संकट का राजनीतिक लाभ उठाने में लगे हुए हैं

उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल मौजूदा संकट का राजनीतिक लाभ उठाने में लगे हुए हैं। इनमें कांग्रेस पार्टी विशेष रूप से विभाजनकारी राजनीति में सक्रिय रही है, ऐसे समय में जब देश को एकता की सबसे अधिक आवश्यकता है। विश्वास और एकजुटता को बढ़ावा देने के बजाय कांग्रेस के नेता भय और अफवाहें फैला रहे हैं, जिससे इन कठिन समय का सामना करने के लिए आवश्यक सामूहिक शक्ति कमजोर हो रही है।

एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन का जिक्र कर पार्टी को कोसा

दिल्ली में एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन का भी जिक्र करते हुए पीएम ने कहा, ‘इस समिट की पूरे विश्व में प्रशंसा हो रही थी, लेकिन कांग्रेस के लोगों ने अपने कपड़े तक फाड़ दिए। इनकी कोशिश थी कि दुनिया के सामने भारत की छवि खराब हो। आज के हालात में भी कांग्रेस भारत में नफरत करने वाली विदेशी ताकतों की भाषा बोल रही है। हमें कांग्रेस के इस षड्यंत्र से सावधान रहना होगा। यह वक्त सावधान रहने का है। पंचायत से संसद तक, जब तक आपका भरोसा बना रहेगा, विकास की सुपरफास्ट एक्सप्रेस को इसी रफ्तार से गति मिलती रहेगी।’

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code