ऑस्ट्रेलिया दौरा पूरा कर न्यूजीलैंड रवाना हुए पीएम मोदी, बोले- भारत-ऑस्ट्रेलिया साझेदारी हुई और मजबूत
मेलबर्न, 10 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑस्ट्रेलिया का सफल दौरा पूरा करने के बाद न्यूजीलैंड के लिए रवाना हो गए। रवाना होने से पहले उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज, वहां की सरकार और जनता का गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस यात्रा ने भारत-ऑस्ट्रेलिया रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती दी है और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसर खोले हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पीएम मोदी ने लिखा कि उनकी ऑस्ट्रेलिया यात्रा बेहद सफल रही और इसके सकारात्मक परिणाम दोनों देशों के रिश्तों को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बढ़ती साझेदारी का लाभ आने वाले वर्षों में दोनों देशों के साथ पूरी दुनिया को मिलेगा।
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और उनके ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष एंथनी अल्बनीज ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) का भी दौरा किया। दोनों नेताओं ने साथ में सेल्फी ली और युवा खिलाड़ियों से मुलाकात की। पीएम मोदी ने कहा कि खेल भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दोस्ती का मजबूत माध्यम है, जो दोनों देशों के लोगों को साझा जुनून और आपसी सम्मान के जरिए जोड़ता है।
एमसीजी में क्रिकेट, कबड्डी और ऑस्ट्रेलियन रूल्स फुटबॉल खेलते बच्चों को देखकर प्रधानमंत्री ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि खेलों में लोगों को जोड़ने की अद्भुत क्षमता होती है और भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच खेल सहयोग, युवा आदान-प्रदान, खेल अवसंरचना तथा प्रतिभा विकास के क्षेत्र में अपार संभावनाएं मौजूद हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री अल्बनीज ने एमसीजी में खेल समुदाय से मुलाकात की और स्थानीय बच्चों के प्रदर्शनी मैच भी देखे। इस दौरान दोनों देशों ने भारत-ऑस्ट्रेलिया स्पोर्ट्स कोलैबोरेशन रोडमैप लॉन्च किया, जिसका उद्देश्य खेलों के माध्यम से लोगों के बीच संबंधों को और मजबूत करना है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 2030 में भारत में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स और 2032 में ऑस्ट्रेलिया में आयोजित होने वाले ओलंपिक को देखते हुए अगले दशक में दोनों देशों की खेल साझेदारी नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी।
