अयोध्या में सीएम योगी का विपक्ष पर तीखा हमला, बोले- हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाना आस्था से खिलवाड़, 432 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
अयोध्या, 10 जुलाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के बीकापुर में आयोजित जनसभा के दौरान समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर चल रही सियासी बहस के बीच उन्होंने हनुमानगढ़ी से जुड़े पुराने विवाद का जिक्र करते हुए विपक्ष पर आस्था के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो दल आज रामभक्ति की बात कर रहे हैं, वही कभी हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने का काम करते थे।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सवाल किया, “क्या कोई सरकार दिल्ली की जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ करा सकती है?” उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ी में ऐसा कराना आस्था के विरुद्ध था और प्रदेश की जनता ने इसे कभी स्वीकार नहीं किया।
राम मंदिर विवाद पर विपक्ष पर निशाना
मुख्यमंत्री ने राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर हाल में उठे विवादों का बिना किसी का नाम लिए जिक्र करते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल केवल आस्था के मुद्दों पर राजनीति करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने वर्षों तक राम मंदिर निर्माण में बाधाएं खड़ी कीं और रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं, वही आज रामभक्ति का दिखावा कर रहे हैं।
अयोध्या की बदली तस्वीर, विकास को बताया सरकार की उपलब्धि
सीएम योगी ने कहा कि पहले अयोध्या बुनियादी सुविधाओं और विकास से वंचित थी। सरयू नदी प्रदूषण की समस्या से जूझ रही थी और शहर की पहचान उपेक्षा से जुड़ी थी। उन्होंने दावा किया कि डबल इंजन सरकार ने अयोध्या की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल दी हैं।
उन्होंने कहा कि आज अयोध्या महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे, आधुनिक सड़क नेटवर्क, बेहतर रेलवे संपर्क, घाटों के सौंदर्यीकरण और विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे के कारण देश-दुनिया के प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्रों में शामिल हो रही है।
एयरपोर्ट और विकास परियोजनाओं का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने अयोध्या एयरपोर्ट निर्माण का भी विरोध किया था, लेकिन आज वही एयरपोर्ट देश के प्रमुख शहरों को अयोध्या से जोड़ रहा है। उन्होंने कहा कि साफ नीयत और स्पष्ट नीति के साथ विकास स्वतः संभव होता है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रभु श्रीराम और पवनसुत हनुमान के आशीर्वाद से डबल इंजन सरकार ने अयोध्या में वह बदलाव किया है, जो पिछले 500 वर्षों में संभव नहीं हो सका।
432 करोड़ की 217 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
बीकापुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 432 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 217 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और सहायता राशि वितरित की। साथ ही पूर्व मंत्री मुन्ना सिंह की प्रतिमा का अनावरण करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है।
विपक्ष पर लगाए और भी आरोप
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष ने भगवान राम से जुड़े स्थलों की लगातार उपेक्षा की। उन्होंने आरोप लगाया कि महर्षि वाल्मीकि के नाम पर बने अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे और निषादराज गुह के नाम पर बनाए गए रैन बसेरों का भी विरोध किया गया। साथ ही दावा किया कि श्रृंगवेरपुर में भगवान राम और निषादराज गुह के मिलन स्थल की भूमि पर वक्फ के नाम पर कब्जा करने की कोशिश हुई थी।
उन्होंने कहा कि आज जनता विकास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण वाले मॉडल को स्वीकार कर चुकी है और अयोध्या इसका सबसे बड़ा उदाहरण बनकर उभरी है।
