पीएम मोदी नीदरलैंड्स पहुंचे, भारतीय समुदाय ने किया भव्य स्वागत, राजा विलियम व प्रधानमंत्री रॉब जेटेन से करेंगे मुलाकात

एम्सटर्डम, 16 मई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे के दूसरे चरण के तहत स्थानीय समयानुसार शुक्रवार की शाम नीदरलैंड्स पहुंचे। एम्सटर्डम हवाई अड्डे पर एडजुटेंट-जनरल और महामहिम राजा के सैन्य परिवार के प्रमुख रियर एडमिरल लुडगर ब्रुमेलार, डच विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसेन और नीदरलैंड्स में भारत के राजदूत कुमार तुहिन तथा डच सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने पीएम मोदी का स्वागत किया।

इस दौरे में पीएम मोदी की राजा विलियम और रानी मैक्सिमा से मुलाकात की योजना है। इसके अलावा वह ट्रेड, टेक्नोलॉजी, डिफेंस और एनर्जी जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने के लिए डच प्रधानमंत्री रॉब जेटेन के साथ बातचीत करेंगे।

संबंधों को गहरा करने का मौका

पीएम मोदी ने अपने आगमन के तुरंत बाद सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘मैं एम्स्टर्डम पहुंचा हूं। नीदरलैंड्स की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते ने व्यापार और निवेश संबंधों को काफी गति प्रदान की है। यह सेमीकंडक्टर, जल, स्वच्छ ऊर्जा और अन्य क्षेत्रों में संबंधों को गहरा करने का अवसर प्रदान करता है।’

वर्ष 2017 के बाद दूसरी बार नीदरलैंड्स के दौरे पर आए पीएम मोदी ने कहा कि वह प्रधानमंत्री रॉब जेटेन से बातचीत करेंगे और महामहिम राजा विलियम-अलेक्जेंडर और रानी मैक्सिमा से मुलाकात करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वह इस यात्रा के दौरान एक सामुदायिक कार्यक्रम को संबोधित करने के लिए उत्सुक हैं।

गौरतलब है कि पीएम मोदी संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में लगभग ढाई घंटे के संक्षिप्त ठहराव के बाद नीदरलैंड्स पहुंचे। उन्होंने अबू धाबी में यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ बातचीत की।

प्रवासी भारतीयों ने किया जोरदार स्वागत

एम्सटर्डम पहुंचने पर पीएम मोदी का भारतीय प्रवासियों ने भी भव्य स्वागत किया। होटल में पहुंचे पीएम मोदी को बच्चों और महिलाओं के बीच भी देखा गया। पीएम मोदी के आगमन से उत्साहित प्रवासियों ने तिरंगे के साथ प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया। साथ ही पीएम मोदी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक प्रस्तुति के साक्षी बने।

RELATED ARTICLES

Most Popular