पीएम मोदी मॉस्को पहुंचे, राष्ट्रपति पुतिन ने प्राइवेट डिनर पर गले लगाकर किया स्वागत

मॉस्को, 8 जुलाई। रूस की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर सोमवार को राजधानी मॉस्को पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस क्रम में देर शाम जब दोनों नेता रूसी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास  नोवो-ओगारियोवो में निजी डिनर पर मिले तो पुतिन ने पीएम मोदी को गले लगा लिया।

आमतौर पर पुतिन किसी राष्ट्राध्यक्ष की अगवानी में ऐसा नहीं करते। उन्‍हें बेहद प्राइवेट माना जाता है। कई बार तो वे राष्‍ट्राध्‍यक्षों से मिलते वक्‍त काफी दूरी बनाकर रखते हैं। लेकिन पीएम मोदी के साथ उनकी गजब की केमिस्‍ट्री नजर आई।

पुतिन बोले – आपको देखकर बहुत खुश हूं, आपका जीवन लोगों को समर्पित

पीएम मोदी से मुलाकात पर राष्ट्रपति पुतिन ने कहा, ‘भारत अर्थव्यवस्था के मामले में तीसरे स्थान पर है और जनसंख्या के मामले में सबसे बड़ा है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि भारत में हर वर्ष 23 मिलियन बच्चे पैदा होते हैं। इसका मतलब है कि भारतीय अपने भविष्य के लिए योजना बनाते हैं। इसका मतलब है कि भारतीय अपने भविष्य को लेकर सुरक्षित हैं…मैं आपको देखकर बहुत खुश हूं। आपका जीवन लोगों को समर्पित है।

पीएम मोदी बोले – मित्र के घर आना हमेशा अच्‍छा

राष्ट्रपति पुतिन के वक्तव्य के जवाब में पीएम मोदी ने कहा, ‘मित्र के घर आना आना हमेशा अच्‍छा होता है। आपने मुझे भोजन पर आमंत्रित किया और साथ में गप्‍पे मारने के लिए बुलाया। हाल ही में भारत में बेहद महत्‍वपूर्ण चुनाव हुए। 65 करोड़ लोगों ने मतदान किया। पंडित जवाहर लाल नेहरू के बाद लगभग 60 वर्षों के बाद कोई सरकार लगातार तीसरी बार जीतकर आई। मुझे मेरे देश के लोगों ने आशीर्वाद दिया है।’

डिनर पर मेजबानी करने के लिए राष्ट्रपति पुतिन का आभार

पीएम मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन से साथ डिनर के बाद x पर पोस्ट में कहा, ‘आज शाम नोवो-ओगारियोवो में मेरी मेजबानी करने के लिए राष्ट्रपति पुतिन का आभार। कल भी हमारी बातचीत का बेसब्री से इंतज़ार है, जो निश्चित रूप से भारत और रूस के बीच दोस्ती के बंधन को और मजबूत करने में काफी मददगार साबित होगी।’

मॉस्को पहुंचने पर गार्ड ऑफ ऑनर से हुआ स्वागत

इसके पूर्व दिन में मॉस्को हवाई अड्डे पर पीएम मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली आधिकारिक रूस यात्रा है। वह मॉस्को में राष्ट्रपति पुतिन के साथ 22वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।

रूस पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘मॉस्को में उतरा। हमारे देशों के बीच विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने की उम्मीद है, खासकर सहयोग के भविष्य के क्षेत्रों में। हमारे देशों के बीच मजबूत संबंधों से हमारे लोगों को बहुत लाभ होगा।’

यात्रा पर जाने से पहले पीएम मोदी ने कहा था, ‘भारत और रूस के बीच विशेष एवं विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी पिछले 10 वर्षों में और बढ़ी है, जिसमें ऊर्जा, सुरक्षा, व्यापार, निवेश, स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कृति, पर्यटन और लोगों से लोगों का संपर्क आदि क्षेत्र शामिल हैं।’

उन्होंने कहा, ‘मैं, मेरे मित्र राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ द्विपक्षीय सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा करने और विभिन्न क्षेत्रीय एवं वैश्विक मामलों पर दृष्टिकोण साझा करने को लेकर आशान्वित हूं। हम शांतिपूर्ण एवं स्थिर क्षेत्र के लिए सहायक भूमिका निभाना चाहते हैं। यह यात्रा मुझे रूस में जीवंत भारतीय समुदाय से मिलने का अवसर भी प्रदान करेगी।’

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular