1. Home
  2. हिंदी
  3. खेल
  4. हांगझू एशियाई खेल : पारुल चौधरी व अन्नू रानी ने ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में जीते ऐतिहासिक स्वर्ण पदक
हांगझू एशियाई खेल : पारुल चौधरी व अन्नू रानी ने ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में जीते ऐतिहासिक स्वर्ण पदक

हांगझू एशियाई खेल : पारुल चौधरी व अन्नू रानी ने ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में जीते ऐतिहासिक स्वर्ण पदक

0
Social Share

हांगझू, 3 अक्टूबर। पारुल चौधरी और अन्नू रानी ने यहां जारी 19वें एशियाई खेलों की ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धओं में मंगलवार को ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए क्रमशः महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ और भाला फेंक में स्वर्ण पदक जीते। एशियाई खेलों के इतिहास में यह पहला अवसर था, जब भारतीय महिलाओं ने इन दोनों स्पर्धाओं में पोडियम पर शीर्ष स्थान हासिल किया।

तेजस्विन शंकर ने डेकथलॉन में राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ जीता रजत

भारत ने आज एथलेटिक्स स्पर्धाओं में दो स्वर्ण पदकों के अलावा दो रजत और दो कांस्य भी जीते। इनमें तेजस्विन शंकर ने 10 खेलों की स्पर्धा यानी डेकाथलॉन में जहां नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ रजत पदक हासिल किया वहीं मोहम्मद अफजल 800 मीटर दौड़ में दूसरे स्थान पर रहे। पुरुषों की त्रिकूद स्पर्धा में प्रवीण चित्रवेल ने कांस्य पाया तो महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ में विथ्या रामराज ने कांस्य पदक जीता।

एथलेटिक्स में भारत के नाम अब तक 4 स्वर्ण सहित 22 पदक

इसके साथ ही एथलेटिक्स में भारत के पदकों की संख्या 22 हो गई है, जिसमें चार स्वर्ण, 10 रजत और आठ कांस्य शामिल हैं। कुल मिलाकर भारतीय दल ने अब तक 15 स्वर्ण, 26 रजत व 28 कांस्य सहित 69 पदक जीते हैं और पदक तालिका में चौथे स्थान पर बरकरार है।

पारुल ने अंतिम क्षणों में जापानी धाविका को पीछे छोड़ बाजी मारी

फिलहाल हांगझू ओलंपिक स्पोर्ट्स सेंटर में मंगलवार को भारत को पहला स्वर्ण 28 वर्षीया पारुल चौधरी ने दिलाया, जिन्होंने मौसम खराब रहने की स्थिति में अधिकतर समय तक पिछड़ने के बाद आखिरी दो लैप में अपना पूरा जोर लगाया और अंतिम 50 मीटर में जापान की रिरिका हिरोनका को एक सेकेंड से भी कम अंतर से पीछे छोड़ 15:14.75 समय से शीर्ष स्थान पाया।

रिरिका हिरोनका ने 15:15.34 का समय लेकर रजत पदक जीता जबकि कजाखस्तान की कैरोलिन चेपकोच किपकिरुई (15:23.12) तीसरे स्थान पर रहीं। भारत की दूसरी धाविका अंकिता ने 15:33.03 का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय निकाला और वह 13 एथलीटों में पांचवें स्थान पर रहीं।

सोमवार को पारुल ने 3000 मीटर स्टीपलचेज में जीता था रजत

उल्लेखनीय है कि पारुल चौधरी ने सोमवार को महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज़ में रजत के साथ अपना पहला एशियाई खेल पदक जीता था। उन्होंने इस साल की शुरुआत में एशियाई चैम्पियनशिप में भी दो पदक जीते थे, जिनमें 3000 मीटर स्टीपलचेज में स्वर्ण और 5000 मीटर दौड़ में रजत पदक शामिल है।

भाला प्रक्षेपक अन्नू रानी ने सत्र के सर्वश्रेष्ठ प्रक्षेप से परचम लहराया

महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ के बाद भाला प्रक्षेप में भी पहली बार एशियाई खेलों में भारत का परचम लहरा उठा, जब अन्नू रानी ने अपने चौथे प्रयास में 62.92 मीटर के प्रक्षेप से बाजी मार ली। यह उनका सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रक्षेप था।

गौर करने वाली बात तो यह है कि अन्नू रानी के नाम ही 63.82 मीटर का राष्ट्रीय रिकॉर्ड है। लेकिन राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीतने के बाद से वह 60 मीटर का आंकड़ा पार नहीं कर सकी थीं। फिलहाल आज अपने दूसरे प्रयास में उन्होंने 61.28 मीटर का थ्रो किया और फिर चौथे प्रयास में स्वर्णिम  प्रक्षेप कर दिया। श्रीलंका की दिलहानी लेकामगे (61.57 मीटर) और चीन की हुइहुई ल्यू (61.29 मीटर) ने क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीते।

डेकाथलीट तेजस्विन शंकर ने तोड़ा 12 वर्ष पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड

इस बीच तेजस्विन शंकर ने पुरुषों की एकमात्र डेकथलॉन स्पर्धा में भारतिंदर सिंह के नाम दर्ज 12 वर्ष पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड (7658) ध्वस्त किया 10 स्पर्धाओं में कुल 7666 अंक हासिल कर रजत पदक जीता। ऊंची कूद में राष्ट्रमंडल खेलों के कांस्य पदक विजेता शंकर का यह एशियाई खेलों पहला पदक था।

मो अफजल मामूली अंतर से स्वर्ण जीतने से रह गए

उधर मोहम्मद अफजल मामूली अंतर से स्वर्ण पदक से चूक गए। उन्होंने पुरुषों की 800 मीटर में 1:48:50 के समय के साथ रजत पदक जीता। उन्हें सऊदी अरब के एस्सा अली ने 1:48.05 के समय के साथ पछाड़ दिया। ओमान के हुसैन मोहसिन अल-फ़ारसी ने 1:48.51 समय के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। भारत के दूसरे धावक कृष्ण कुमार को डिसक्वालीफाई कर दिया गया।

मिक्स रिले में रजत के बाद विथ्या को 400 मी. बाधा दौड़ में मिला कांसा

वहीं 24 घंटे पूर्व चार गुणा 400 मीटर मिक्स रिले में रजत पदक जीतने वाली टीम का अंग रहीं विथ्या रामराज ने 400 मीटर बाधा दौड़ में 55.68 सेकेंड के साथ कांस्य पदक जीता। उन्होंने सोमवार को पीटी उषा के 39 वर्ष पुराने राष्ट्रीय रिकॉर्ड (55.42 सेकेंड) की बराबरी करते हुए हीट में शीर्ष स्थान हासिल किया था। हालांकि, गत चैम्पियन बहरीन की ओलुवाकेमी अडेकोया ने 54.45 सेकेंड का नया एशियाई खेल रिकॉर्ड बनाने के साथ अपना खिताब डिफेंड किया। चीन की जिआडी मो ने 55.01 सेकेंड के साथ रजत पदक जीता।

तिहरी कूद के राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी प्रवीण के नाम कांस्य

पुरुषों की तिहरी कूद में राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक प्रवीण चित्रवेल ने 16.68 मीटर की छलांग के साथ कांस्य पदक जीता। हालांकि वह अपने राष्ट्रीय रिकॉर्ड (17.37 मीटर) से दूर रह गए। प्रवीण के हमवतन और एशियाई चैम्पियन अब्दुल्ला अबूबकर ने 16.62 मीटर का सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया, लेकिन वह चौथे स्थान पर रह गए। चीन ने पुरुषों की ट्रिपल जंप स्पर्धा में यामिंग झू (17.13 मीटर) और याओकिंग फेंग (16.93 मीटर) के साथ क्रमशः स्वर्ण और रजत के साथ शीर्ष दो पोडियम पर जगह बनाई।

ओलम्पिक व विश्व विजेता भाला प्रक्षेपक नीरज चोपड़ा बुधवार को जौहर दिखाएंगे

एशियाई खेलों की एथलेटिक्स प्रतियोगिता का समापन गुरुवार को पुरुष व महिला मैराथन के साथ होगा जबकि ओलम्पिक व विश्व चैम्पियन भाला प्रक्षेपक नीरज चोपड़ा बुधवार को एक्शन में नजर आएंगे। वैसे बुधवार को कुल आठ स्वर्ण पदकों का फैसला होगा।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code