1. Home
  2. revoinews
  3. ‘अखिलेश सरकार के घोटालों का पार्ट-1’, ओपी राजभर ने गोमती रिवर फ्रंट पर लगाए गंभीर आरोप

‘अखिलेश सरकार के घोटालों का पार्ट-1’, ओपी राजभर ने गोमती रिवर फ्रंट पर लगाए गंभीर आरोप

0
Social Share

लखनऊ, 22 जून। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोलते हुए गोमती रिवर फ्रंट परियोजना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। राजभर ने दावा किया कि परियोजना का पूरा बजट खर्च कर दिया गया, लेकिन काम सिर्फ 60 प्रतिशत ही पूरा हो सका। ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि ‘यह मेरे खुलासों का पार्ट-1 है’ और आने वाले दिनों में अखिलेश सरकार के कार्यकाल से जुड़े कथित घोटालों की एक-एक फाइल जनता के सामने रखी जाएगी।

गौरतलब है कि सुभासपा प्रमुख राजभर इन दिनों सपा मुखिया अखिलेश यादव पर हर दिन हमला कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “गोमती रिवर फ्रंट का जो फंड था उसे आपने 2017 के चुनाव में खर्च किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से की गई नोटबंदी की वजह से आप, अतीक अहमद के काले धन का इस्तेमाल नहीं कर पाए। यही वजह है कि गोमती रिवर फ्रंट का पूरा बजट खर्च करने के बावजूद सिर्फ 60 फीसदी काम ही पूरा हो सका। 40 फीसदी काम पर जो पैसा खर्च होना था, वह सैफई परिवार की तिजोरी और विधानसभा चुनाव में खर्च हुआ।”

उन्होंने आगे कहा, “अखिलेश यादव को लगा था कि सरकार में वापसी के साथ अपनी चोरी छिपा ले जाएंगे, लेकिन पाप का घड़ा भर चुका था। घोटालेबाजों की सरकार हार गई। सभी घोटाला सामने आ गया। यह अखिलेश राज के भ्रष्ट काले कारनामों का यह एक नमूना भर है।” राजभर ने दावा किया कि वे एक-एक कर सारे चिट्ठे खोलेंगे। उन्होंने कहा, “पूरी फाइल लेकर बैठा हूं। संस्थाएं और एजेंसियां गोमती रिवर फ्रंट से जुड़े मामले में दूध का दूध और पानी का पानी करने में जुटी हैं और विश्वास है कि करेंगी भी। धीरज रखें, जेल में न एसी मिलेगी, न ट्विटर होगा और न ही पीसी कर पाएंगे।”

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code