1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. पीएम मोदी के खिलाफ विपक्ष का हल्ला बोल, I.N.D.I.A. गठबंधन की 31 मार्च को रामलीला मैदान में महारैली
पीएम मोदी के खिलाफ विपक्ष का हल्ला बोल, I.N.D.I.A. गठबंधन की 31 मार्च को रामलीला मैदान में महारैली

पीएम मोदी के खिलाफ विपक्ष का हल्ला बोल, I.N.D.I.A. गठबंधन की 31 मार्च को रामलीला मैदान में महारैली

0
Social Share

नई दिल्ली, 24 मार्च। दिल्ली शराब घोटाला केस में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर विपक्ष का पीएम मोदी और केंद्र सरकार के खिलाफ हल्ला बोल अभियान जारी है। इस क्रम में राष्ट्रीय राजधानी के रामलीला मैदान में 31 मार्च को विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. के नेता एक महारैली में शामिल होंगे। दिल्ली सरकार में पर्यावरण मंत्री व आम आदमी पार्टी प्रदेश अध्यक्ष गोपाल राय ने यह जानकारी दी। दिल्ली में रविवार को इस बाबत विपक्षी गठबंधन के शीर्ष नेताओं की ओर से एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की गई।

संविधान से प्यार करने वाले सभी लोगों के दिलों में आक्रोश : गोपाल राय

दिल्ली के मंत्री गोपाल राय ने कहा कि जिस तरह दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया है, उससे देशभर के उन सभी लोगों के दिलों में आक्रोश है, जो संविधान से प्यार करते हैं और संविधान का सम्मान करते हैं। यह सिर्फ अरविंद केजरीवाल के बारे में नहीं है बल्कि पूरे विपक्ष को एक-एक करके खत्म करने के लिए पीएम मोदी केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रहे हैं, विधायकों को खरीद रहे हैं। या तो विधायकों को पैसे से खरीदा जा रहा है या फिर उन्हें भाजपा में शामिल होने की धमकी दी जा रही है। जो लोग बिकने, झुकने को तैयार नहीं हैं, उन पर फर्जी मुकदमे दर्ज हो रहे हैं।

वहीं दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि रामलीला मैदान एक ऐतिहासिक जगह है। देश के बड़े-बड़े आंदोलन रामलीला मैदान में हुए। आम आदमी पार्टी का उदय रामलीला मैदान से हुआ है। महा रैली में I.N.D.I.A. गठबंधन के तमाम बड़े नेता शामिल होंगे और देश को व विश्व को संदेश देंगे।

एक अन्य मंत्री आतिशी ने कहा कि I.N.D.I.A. गठबंधन 31 मार्च को रामलीला मैदान में महारैली का आयोजन कर रहा है। यह अरविंद केजरीवाल को बचाने के लिए नहीं बल्कि लोकतंत्र को बचाने के लिए आयोजित किया जा रहा है। विपक्ष को एकतरफा हमलों का सामना करना पड़ रहा है।

अरविंदर सिंह लवली बोले – 31 मार्च को लोकतंत्र बचाने के लिए रैली

महारैली पर दिल्ली के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने कहा, ‘यह महारैली कोई राजनीतिक रैली नहीं है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी लोकतंत्र को बचाने के लिए मुहिम चला रहे हैं। हम आप के साथ गठबंधन में हैं। 31 मार्च को लोकतंत्र बचाने के लिए रैली है। हम केंद्र के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेंगे।’

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code