1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर भड़का विपक्ष, राहुल गांधी बोले – ‘डरा हुआ तानाशाह..एक मरा हुआ लोकतंत्र बनाना चाहता है’
अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर भड़का विपक्ष, राहुल गांधी बोले – ‘डरा हुआ तानाशाह..एक मरा हुआ लोकतंत्र बनाना चाहता है’

अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर भड़का विपक्ष, राहुल गांधी बोले – ‘डरा हुआ तानाशाह..एक मरा हुआ लोकतंत्र बनाना चाहता है’

0
Social Share

नई दिल्ली, 21 मार्च। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को गुरुवार की रात उनके आवास से ED द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद समूचा विपक्ष भड़क उठा। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, कम्युनिस्ट पार्टी,  DMK व AIADMK, सहित अन्य विपक्षी दलों ने इस गिरफ्तारी को लोकसभा चुनाव से जोड़ते हुए मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला।

I.N.D.I.A. इसका मुंहतोड़ जवाब देगा

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “डरा हुआ तानाशाह…एक मरा हुआ लोकतंत्र बनाना चाहता है। मीडिया समेत सभी संस्थाओं पर कब्ज़ा, पार्टियों को तोड़ना, कम्पनियों से हफ्ता वसूली, मुख्य विपक्षी दल का अकाउंट फ्रीज करना भी ‘असुरी शक्ति’ के लिए कम था, तो अब चुने हुए मुख्यमंत्रियों की गिरफ्तारी भी आम बात हो गई है। I.N.D.I.A. इसका मुंहतोड़ जवाब देगा।’

खरगे बोले – वक्त है बदलाव का, अबकी बार सत्ता के बाहर

वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, ‘रोज जीत का झूठा दंभ भरने वाली अहंकारी भाजपा, विपक्ष को हर तरह से चुनाव के पहले गैरकानूनी तरीके से कमजोर करने की कोशिश कर रही है। यदि सच में जीत का भरोसा होता तो संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग करके मुख्य विपक्षी दल – कांग्रेस पार्टी का Accounts Freeze नहीं किया जाता। विपक्षी पार्टियों के नेताओं को ठीक चुनाव से पहले निशाना नहीं बनाया जाता। सच यह है की भाजपा आने वाले चुनाव परिणाम से पहले ही डर गई है और बौखलाहट में विपक्ष के लिए हर तरह की मुश्किलें पैदा कर रही है। वक्त है बदलाव का, अबकी बार …सत्ता के बाहर।’

लोगों द्वारा नकारे जाने से मोदी घबरा गए हैं : सीताराम येचुरी

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के नेता सीताराम येचुरी ने कहा, “ईडी द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करता हूं। गिरफ्तार होने वाले यह I.N.D.I.A. गुट के दूसरे मौजूदा मुख्यमंत्री हैं। जाहिर है, मोदी और भाजपा मौजूदा चुनावों में लोगों द्वारा नकारे जाने से घबरा गए हैं। दलबदल कर भाजपा में शामिल होने वाले सभी विपक्षी नेताओं को सुरक्षा और संरक्षण दिया जाता है। वे ‘सत्य हरिश्चंद्र’ हैं। ये गिरफ्तारियां केवल लोगों की भाजपा को हराने, लोकतंत्र और भारतीय संविधान की रक्षा करने की इच्छा को मजबूत करेंगी।”

तानाशाही चरम पर है भूपेश बघेल

छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने ट्वीट कर कहा, ‘जो लोग भाजपा में शामिल नहीं होंगे, वे जेल जाएंगे। तानाशाही चरम पर है। याद रखें, अहंकार भगवान का भोजन है। तानाशाही के खिलाफ हम सभी एकजुट हैं।’

अखिलेश बोले – यह गिरफ्तारी एक नई जनक्रांति को जन्म देगी

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग हार के डर से खुद ही जेल में बंद हैं, वे किसी और को जेल में डालकर क्या करेंगे? भाजपा जानती है कि वह दोबारा सत्ता में नहीं आएगी और इसी डर से वह सत्ता में आना चाहती है। चुनाव के समय किसी भी तरह से विपक्षी नेताओं को जनता के बीच से हटा दें, गिरफ्तारी तो एक बहाना है। यह गिरफ्तारी एक नई जनक्रांति को जन्म देगी।’

कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा कि फिलहाल भारी पुलिस सुरक्षा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री के घर को घेर कर छावनी में तब्दील कर दिया है, जैसे वह कोई डकैत हों। जनता के चुने गए मुख्यमंत्री के साथ आज यही स्थिति है। भारत में ऐसा व्यवहार लोकतंत्र की हत्या है।

पीएम मोदी आम आदमी का ध्यान भटकाना चाहते हैंDMK

DMK प्रवक्ता सरवनन अन्नादुरई ने कहा कि यह अपेक्षित तर्ज पर है। पीएम मोदी आम आदमी का ध्यान भटकाना चाहते हैं। भाजपा ने महाघोटाला, सबसे बड़ी लूट, रंगदारी का रैकेट चलाया है (इलेक्टोरल बॉण्ड), इसीलिए ये गिरफ्तारी हुई है। हाई कोर्ट ने ईडी से सवाल किया कि उनके पास अरविंद केजरीवाल के पीछे जाने के क्या सबूत हैं। उन्होंने (ED) अदालत में समय मांगा और अब उनके दरवाजे पर दस्तक देने पहुंच गए। हमें उम्मीद है कि सुप्रीम कोर्ट यह सुनिश्चित करने के लिए हस्तक्षेप करेगा कि लोकतंत्र कायम रहे।’

AIADMK बोली – जो भाजपा का विरोध करेगा, जेल जाएगा

वहीं AIADMK के प्रवक्ता कोवई सत्यन ने कहा, ‘यह गिरफ्तारी साबित करती है कि भाजपा के लिए तीन सूत्री एजेंडा है। पहला, जो भी भाजपा का विरोध करेगा, उसे सलाखों के पीछे से चुनाव लड़ना चाहिए। दूसरा, जो भी भाजपा का विरोध करेगा, उसके पास धन और पैसा खत्म हो जाएगा। पार्टी फंड का उपयोग करने में असमर्थ होंगे। तीसरा, जो भी जमानत पर बाहर हैं, भाजपा को उनके साथ गठबंधन करने में कोई हिचकिचाहट नहीं होगी।’

भाजपा को इसका भुगतान करना होगा – कुलदीप धालीवाल

पंजाब के मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा, ‘हमें जानकारी मिली है कि अरविंद केजरीवाल को ईडी ने गिरफ्तार कर लिया है। आजादी के बाद अरविंद केजरीवाल उन नेताओं में से एक हैं, जिन्होंने गरीबों और दिल्ली के लोगों के लिए काम किया। उन्होंने भ्रष्टाचार खत्म किया। भाजपा इस बात को पचा नहीं पाई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। मैं भाजपा से यही कहूंगा कि वे उन्हें गिरफ्तार कर सकते हैं, लेकिन उनके विचारों को नहीं, उन्हें इसके लिए भुगतान करना होगा और मैं इसकी निंदा करता हूं।’

अभय चौटाला बोले – यह भारत का नया लोकतंत्रहै

इनेलो नेता अभय चौटाला ने कहा, “यह भारत का नया ‘लोकतंत्र’ है। जनता द्वारा चुने हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ED के दम पर ठीक चुनावों से पहले गिरफ्तार किया जाता है। विपक्षी आवाजों को कुचलने के लिए ED और CBI का इस्तेमाल किया जा रहा है या फिर उन्हें दबाव से नीतीश कुमार, शिंदे, अजित पवार और जयंत की तरह अपने साथ एनडीए में शामिल किया जा रहा है। हमने आगाह किया था, यदि मिल कर इनसे नहीं लड़ा गया तो भाजपा देश से लोकतंत्र खत्म कर देगी, जो भी भाजपा के खिलाफ बोलेगा, उसे जेल में डाल दिया जाएगा।”

 

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code