1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. भारत जोड़ो यात्रा : राहुल गांधी ने स्वर्ण मंदिर में मत्था टेका, केसरिया पगड़ी में नजर आए
भारत जोड़ो यात्रा : राहुल गांधी ने स्वर्ण मंदिर में मत्था टेका, केसरिया पगड़ी में नजर आए

भारत जोड़ो यात्रा : राहुल गांधी ने स्वर्ण मंदिर में मत्था टेका, केसरिया पगड़ी में नजर आए

0
Social Share

चंडीगढ़, 10 जनवरी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के तहत पंजाब में पदयात्रा की शुरुआत से एक दिन पहले मंगलवार की दोपहर अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने श्री हरमंदिर साहिब गुरुद्वारे में मत्था टेका औ रदेश की सुख-शांति एवं समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इस दौरान वह केसरिया रंग की पगड़ी पहने नजर आए।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट किया, ‘भारत जोड़ो यात्रा का 116वां दिन हरियाणा के अम्बाला में पूरा हुआ। बुधवार को सुबह पंजाब में यह यात्रा आरंभ होगी। अमृतसर में पवित्र स्वर्ण मंदिर में मत्था टेकने के बाद यात्रा आरंभ करने से बेहतर कुछ नहीं हो सकता।’

जयराम रमेश ने यह भी बताया कि राहुल गांधी आज स्वर्ण मंदिर जाएंगे, इसलिए मंगलवार दोपहर बाद पदयात्रा नहीं होगी। इससे पहले, राहुल गांधी ने मंगलवार को सुबह अम्बाला कैंट के शाहपुर से पदयात्रा आरंभ की। इस दौरान पूर्व सांसद और कांग्रेस नेता राज बब्बर भी यात्रा में शामिल हुए।

भारत जोड़ो यात्रा गत गुरुवार को उत्तर प्रदेश से पानीपत के रास्ते हरियाणा में दाखिल हुई थी। यह पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र से होकर अंबाला तक पहुंची। गत 21 से 23 दिसम्बर के बीच भी यह यात्रा हरियाणा के मेवात, फरीदाबाद और कुछ अन्य इलाकों से गुजरी थी।

रमेश ने बताया, ‘दोपहर में आज भारत जोड़ो यात्रा नहीं होगी। हम पंजाब आएंगे और सरहिंद में रात्रि विश्राम होगा। बुधवार सुबह यात्रा संबंधी ध्वज हरियाणा प्रदेश कांग्रेस द्वारा पार्टी की पंजाब इकाई को सौंपा जाएगा। इसके बाद हम पंजाब में पदयात्रा की शुरुआत करेंगे।’

पंजाब में 12 जनवरी तक रहेगी यात्रा

यह यात्रा बुधवार को मंडी गोबिंदगढ़ से होकर गुजरेगी और खन्ना में रात्रि विश्राम होगा। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि यात्रा के तहत रोजाना दो चरणों में करीब 25 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। रमेश ने बताया, ‘12 जनवरी को पंजाब में यात्रा सिर्फ सुबह की पारी में होगी और तय दूरी पूरी की जाएगी। इसके बाद लोहड़ी त्योहार के मद्देनजर उसी दिन दोपहर के बाद और फिर 13 जनवरी को पूरे दिन विश्राम रहेगा।’ पंजाब के बाद यात्रा हिमाचल प्रदेश और फिर जम्मू-कश्मीर जाएगी। श्रीनगर में इस यात्रा का समापन होगा।

रमेश ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में पूर्व सेना प्रमुख जनरल (सेवानिवृत्त) दीपक कपूर के शामिल होने की आलोचना करने के लिए भी भाजपा पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने हरियाणा में विभिन्न समूहों के साथ बातचीत की। किसान नेता राकेश टिकैत समेत कई किसान संगठनों के लोगों से भी कांग्रेस नेता ने संवाद किया।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code