Site icon hindi.revoi.in

APP नेताओं के भाजपा में शामिल होने पर अन्ना हजारे बोले- कुछ दिक्कतें आई होंगी, इसलिये वे चले गए

Social Share

अहिल्यानगर, 25 अप्रैल। आम आदमी पार्टी के सात सांसदों ने शुक्रवार को पार्टी का दामन छोड़ दिया। इस घटना को लेकर समाजसेवी अन्ना हजारे की प्रतिक्रिया सामने आई है। समाजसेवी अन्ना हजारे ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि ये लोकतंत्र में हर एक व्यक्ति का अधिकार है। इसके लिए किसी पर सख्ती करना ठीक नहीं है। लोकतंत्र में उनको दिक्कतें आई होंगी, इसलिये वे चले गए। इसमें दोष पार्टी का है अगर पार्टी सही से चलती वे नहीं जाते।

अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए अन्ना हजारे ने कहा कि जब स्वार्थ बीच में आ जाता है तो समाज और देश भूल गए। सत्ता और पैसे के पीछे पड़ गए। इस वजह से गड़बड़ी हुई है। आम आदमी पार्टी नेता मनीष सिसोदिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि तीन दिन से गुजरात में हूं। जिस समय गुजरात में हजारों कार्यकर्ता अपनी जान जोखिम में डालकर, सारे खतरे और भाजपा की धमकियां झेलकर पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने के लिए खून पसीना बहा रहे है, उसी समय कुछ गद्दारों ने पंजाब के कार्यकर्ताओं के खून पसीने की कमाई का सौदा कर लिया।

मनीष सिसोदिया ने लिखा कि जो राज्यसभा सदस्य आज भाजपा के सामने झुक गए, अपनी निजी मजबूरियों, डर और लालच के कारण जिन्होंने पंजाब के लोगों के साथ गद्दारी की है, उन्हें पता होना चाहिए कि पंजाब गद्दारों को कभी माफ नहीं करता है। आम आदमी पार्टी विधायक अशोक पराशर ‘पप्पी’ ने कहा कि देखिए, अगर कोई उस पार्टी के साथ ही विश्वासघात करता है जिसने उसे राज्यसभा भेजकर इतना बड़ा सम्मान दिया, तो लोग उस व्यक्ति पर भरोसा नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि मेरी समझ से, पंजाबी लोग अपनी बात और अपने रुख पर कायम रहते हैं।

पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कहा कि ऐसे लोगों को अपनी पार्टी में शामिल करने के लिए भाजपा को बधाई। पार्टी ने पहले ही ऐसे कई लोगों को इकट्ठा कर लिया है जो दूसरी पार्टियों से आए हैं। इससे भाजपा को कोई फायदा नहीं होगा। इससे आम आदमी पार्टी को अपनी असली हकीकत समझने में मदद मिलेगी।

Exit mobile version