सागर, 6 सितम्बर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब के सेवन से एक साथ पांच लोगों की मौत से हड़कंप मच गया। जिले के बाराज गांव में शराब का सेवन करने के बाद लोगों की हालत बिगड़ गई। अंतिम समाचार मिलने तक कम से कम नौ लोगों की मौत हो चुकी है और करीब एक दर्जन से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती हैं। घटना के बाद प्रशासन तुरंत हरकत में आया और मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

बाराज गांव के कुछ लोगों ने शनिवार रात पी थी शराब, 5 की एक साथ मौत
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने रविवार को बताया, ‘बाराज गांव के कुछ लोगों ने शनिवार रात शराब पी थी। इसके तुरंत बाद उनकी हालत बिगड़ गई और जी मिचलाने व उल्टी की शिकायत हुई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। छह अन्य लोगों की हालत गंभीर है और उनका इलाज चल रहा है।’ उन्होंने कहा, ‘प्रथम दृष्टया मौत का कारण जहर लग रहा है, लेकिन हम पुष्टि के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच चल रही है।’
डॉक्टर व नर्सों की टीमें घर-घर जाकर कर रहीं जांच
सागर के CMHO देवेश पटेरिया ने कहा, ‘अब तक 9-10 लोगों की मौत हो चुकी है। हमारी डॉक्टर और नर्सों की टीमें प्रभावित तीनों गांवों में लगातार काम कर रही हैं, घर-घर जाकर जांच कर रही हैं और मरीजों की पहचान कर रही हैं। लक्षणों से मिथाइल अल्कोहल प्वॉइजनिंग का शक होता है, लेकिन अब तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है। मरीजों को यहां स्थिर किया जा रहा है और जरूरत पड़ने पर आगे के इलाज के लिए रेफर किया जा रहा है। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है, लेकिन टीमें लगातार काम कर रही हैं।’


