नेतन्याहू बोले- अमेरिका व इजराइल ने मिलकर दुनिया को बचाने के लिए किया हमला, राष्ट्रपति ट्रंप का दिल से शुक्रिया
तेल अवीव, 28 फरवरी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बाद इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान पर की गई संयुक्त काररवाई को लेकर बयान जारी किया है। उन्होंने इसे अस्तित्व को बचाने की लड़ाई करार दिया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो संदेश में नेतन्याहू ने कहा, ‘इजराइल और अमेरिका ने ईरान में आतंकवादी शासन से पैदा हुए अस्तित्व के खतरे को खत्म करने के लिए एक ऑपरेशन शुरू किया है, जिसके लिए मैं राष्ट्रपति ट्रंप का दिल से शुक्रिया अदा करता हूं। हमारा ज्वॉइंट ऑपरेशन बहादुर ईरानी लोगों के लिए अपनी किस्मत अपने हाथों में लेने के हालात बनाएगा।’
नेतन्याहू ने भी तेहरान में शासन बदलने की बात कही
अमेरिका-इजराइल के हमलों के बाद डोनाल्ड ट्रंप की भांति नेतन्याहू ने भी अपने पहले वीडियो मैसेज में तेहरान में शासन बदलने की बात कही। उन्होंने ईरान की जनता से कहा कि वे जुल्म के बोझ को दूर करें और एक आजाद और मूल्यों पर आधारित शांत ईरान बनाएं। उनके अनुसार अमेरिका-इजराइल के हमले ऐसे हालात बनाएंगे, जिससे ईरान के लोग अपना भविष्य खुद तय कर सकें।
ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने की इजाजत नहीं दी जानी चाहिए
नेतन्याहू ने दावा किया कि ईरान की मौजूदा सरकार को परमाणु हथियार हासिल करने की इजाजत नहीं दी जानी चाहिए, क्योंकि इससे पूरी दुनिया को खतरा हो सकता है। इसके साथ ही इजरायली पीएम ने अपने नागरिकों से सेना के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी और संकेत दिया कि आने वाले दिन जोखिम भरे होंगे।
उन्होंने कहा, “आने वाले दिनों में, ऑपरेशन ‘लायन्स रोअर’ के दौरान, हम सभी से सब्र और हिम्मत दिखाने के लिए कहा जाएगा। हम सब मिलकर खड़े होंगे, हम सब मिलकर लड़ेंगे, और हम सब मिलकर इजराइल की हमेशा-हमेशा के लिए रक्षा करने में सक्षम होंगे।’
ट्रंप ने कहा – ईरान की जनता के हित को ध्यान में रख हमले किए गए
नेतन्याहू से ठीक पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक वीडियो संदेश जारी कर पुष्टि की कि ईरान की जनता के हित को ध्यान में रख हमले किए गए हैं। उन्होंने कहा, ‘हमारा काम होने के बाद आप सत्ता पर काबिज हो सकते हैं।’ ट्रंप ने इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स को भी एक ‘ऑफर’ दिया। उन्होंने कहा, ‘वे सरेंडर (आत्मसमर्पण) कर दें। ऐसा करने पर उन्हें पूरी माफी दी जाएगी।’
