नई दिल्ली, 28 फरवरी। इजराइल-यूएस की ओर से तेहरान पर किए गए संयुक्त हमले के जवाब में ईरान ने ‘एपिक फ्यूरी’ ऑपरेशन शुरू किया है। न्यूज एजेंसी फार्स ने दावा किया है कि इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने कुवैत, कतर, यूएई में स्थित यूएस बेस को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। वर्तमान हालात को देखते हुए भारतीय दूतावास ने इजराइल व ईरान सहित कुछ अन्य देशों से रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी कर उन्हें सतर्क व सावधान रहने की सलाह दी है।
कतर, तेल अवीव दूतावास और फिलिस्तीन में मौजूद प्रतिनिधि कार्यालय की ओर से जरूरी दिशानिर्देश के साथ ही कुछ इमरजेंसी नंबर भी जारी किए गए हैं। अपील की गई है कि लोग सुरक्षित जगहों पर रहें, स्थानीय खबरों पर नजर बनाए रखें और भारतीय दूतावास के संपर्क में रहें। भारतीय नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे पूरा ध्यान रखें और दूतावास और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

दूतावास ने अलग-अलग देशों के लिए अलग-अलग हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं और कहा है कि ये सभी 24 घंटे मदद के लिए तैयार रहेंगे। कतर में रह रहे भारतीयों के लिए 00974-55647502 नंबर जारी किया है और ईमेल आईडी [email protected] पर संपर्क साधने को कहा है।
फिलिस्तीन में रह रहे सभी भारतीय नागरिकों से अनुरोध है कि वे सतर्क रहें और स्थानीय स्तर पर सुझाए गए सुरक्षा उपायों का पालन करें। इमरजेंसी में +970592916418 या [email protected] / [email protected] पर संपर्क करें।
वहीं, इजराइल की राजधानी तेल अवीव के लिए पहले ही एडवाइजरी जारी कर सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की गई थी। इसके अनुसार, ‘किसी भी इमरजेंसी में, भारतीय नागरिक 24/7 हेल्पलाइन +972-54-7520711 के जरिए तेल अवीव में भारतीय दूतावास से संपर्क कर सकते हैं। E-mail : [email protected] है। दूतावास संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार जुड़ा हुआ है और जरूरत पड़ने पर अपडेट जारी करता रहेगा।’
इससे पहले तेहरान में रह रहे भारतीयों को भी दूतावास के संपर्क में रहने और सुरक्षा उपायों का सावधानी से प्रयोग करने की हिदायत दी गई थी। यूएई में भी भारतीय नागरिकों के लिए टोलफ्री नंबर 800-46342 और वॉट्सएप नंबर +971543090571 जारी किया गया है। इसके साथ ही ईमेल पता है- [email protected] और [email protected]।
इंडिगो व एअर इंडिया ने भी जारी की ट्रैवल एडवाइजरी, कई देशों ने रद कीं उड़ानें
ईरान पर इजराइल व अमेरिका के संयुक्त हमलों के बीच बीच कई देशों ने अपना एयरस्पेस बंद कर दिया और उड़ानें रद की हैं। इसके साथ ही इंडिगो और एअर इंडिया ने ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है।
इंडिगो ने ट्रैवल एडवाइजरी में कहा, ‘हम ईरान और उसके एयरस्पेस से जुड़े क्षेत्रीय अपडेट्स पर करीब से नजर रख रहे हैं। हमारे उपभोक्ता और क्रू की सेफ्टी हमारी सबसे बड़ी प्रायोरिटी है। हमारी टीमें हालात बदलने पर कोई भी जरूरी बदलाव करने के लिए तैयार हैं। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे डिपार्चर से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक कर लें। किसी भी तरह के असर की स्थिति में, अपडेट्स रजिस्टर्ड कॉन्टैक्ट डिटेल्स के जरिए तुरंत बताए जाएंगे। हम आपको जानकारी देते रहेंगे और इस दौरान अपना पक्का सपोर्ट देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध रहेंगे।’
मिडिल ईस्ट की सभी जगहों के लिए एअर इंडिया की उड़ानें रोकी गईं
वहीं एअर इंडिया ने अपनी एडवाइजरी में कहा, ‘मिडिल ईस्ट के कुछ हिस्सों में बन रहे हालात को देखते हुए, मिडिल ईस्ट की सभी जगहों के लिए एअर इंडिया के सभी फ्लाइट रोक दी गई हैं। हम अपने पैसेंजर्स और क्रू के लिए सबसे ऊंचे सेफ्टी स्टैंडर्ड बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम अपने फ्लाइट ऑपरेशन्स के लिए सेफ्टी और सिक्योरिटी माहौल का असेसमेंट करते रहेंगे और जरूरत के हिसाब से ऑपरेशन्स को पहले से एडजस्ट करेंगे। हमारी टीमें पैसेंजर्स को हर जरूरी समर्थन देंगी।’
अन्य कई एयरलाइनों ने भी रोकीं उड़ानें, कुछ देशों ने बंद किए एयरस्पेस
उधर विज एयर ने सात मार्च तक इजराइल, यूएई के दुबई के साथ-साथ अबू धाबी और जॉर्डन के अम्मान से आने-जाने वाली सभी उड़ाने तत्काल प्रभाव से रद कर दी हैं। लुफ्तांसा ने दुबई, तेल अवीव, लेबनान के बेरूत और ओमान के मस्कट से आने-जाने वाली शनिवार और रविवार की उड़ानें रोक दी हैं। केएलएम ने एम्स्टर्डम से तेल अवीव की विमान रद कर दिया। ओमान एयर ने इराक की राजधानी बगदाद की सभी उड़ानें रोक दीं। रूस ने ईरान और इजराइल की सभी विमान सेवाएं रोकी दी हैं। कुवैत ने भी अगली सूचना तक ईरान की सभी फ्लाइट्स रद कर दी हैं।
इराक ने आने-जाने वाली सभी विमान रद करने के साथ अपना एयरस्पेस बंद कर दिया। वहीं इजराइल ने सभी सिविलियन उड़ानें रद कर दी हैं और अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है। कतर, कुवैत और संयुक्त अरब अमीरात ने भी अपने एयरस्पेस बंद कर दिए हैं। वहीं सीरिया ने आंशिक तौर पर अपना एयरस्पेस बंद किया है।


