शेयर बाजार में मिला-जुला रुख, सेंसेक्स 374 अंक चढ़ा, निफ्टी में 11 अंकों की मामूली बढ़त
मुंबई, 6 अगस्त। कारोबारी सप्ताह के पहले दिन यानी सोमवार से वायदा एवं विकल्प (F&O) अनुबंध में शामिल शेयरों के लिए नई नीलामी प्रक्रिया पेश होने के बाद दोनों प्रमुख सूचकांकों के प्रदर्शन में लगातार अंतर देखने को मिल रहा है। गुरुवार को भी इसकी बानगी दिखी, जब कच्चे तेल के दाम में नरमी और रिलायंस इंडस्ट्रीज व आईसीआईसीआई बैंक जैसी बड़ी कम्पनियों के शेयरों में लिवाली से बीएसई सेंसेक्स जहां 374 अंक चढ़ने के साथ 79,000 के करीब जाकर ठहरा वहीं एनएसई निफ्टी में 11 अंकों की मामूली तेजी रही।
उल्लेखनीय है कि इक्विटी नकद खंड में समापन नीलामी सत्र (सीएएस) सोमवार से शुरू हुआ। इसके तहत पात्र शेयरों के समापन मूल्य तय करने के लिए नीलामी आधारित नई व्यवस्था लागू की गई है। इसका उद्देश्य कीमत निर्धारण प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और मजबूत बनाना है।
इस वजह से दिख रहा सेंसेक्स व निफ्टी में अंतर
एचएसटी वेल्थ के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) हरिसेल्वन राधाकृष्णन ने कहा, ‘एनएसई की समापन नीलामी सत्र व्यवस्था शुरू होने के चार सत्रों के बाद सेंसेक्स और निफ्टी के बीच अंतर अब केवल बदलाव के दौर की वजह से नहीं बल्कि बाजार की नकदी में अंतर को दर्शा रहा है। 20 मिनट की समापन नीलामी प्रक्रिया दोनों सूचकांकों के लिए अलग-अलग परिणाम दे रही है क्योंकि संस्थागत निवेशकों के ऑर्डर सेंसेक्स के मुकाबले निफ्टी के शेयरों में अधिक केंद्रित हैं। परिणामस्वरूप निफ्टी का बंद स्तर अब समापन नीलामी सत्र से तय होने वाली कीमतों के प्रति अधिक संवेदनशील हो गया है जबकि सेंसेक्स पर इसका प्रभाव अपेक्षाकृत कम रहा है।’
सेंसेक्स 373.76 अंक चढ़कर 78,954.76 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स कारोबार के दौरान पूरे समय सकारात्मक दायरे में रहा और अंत में 373.76 अंक यानी 0.48 प्रतिशत चढ़कर 78,954.76 पर बंद हुआ। दिलचस्प यह रहा कि सूचकांक ने अंतिम दो मिनट में लगभग 170 अंकों की छलांग लगाई और दिन के उच्चतम स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 11 के शेयर मजबूत रहे तो 16 में गिरावट दर्ज की गई।
निफ्टी 11.35 अंकों की मामूली बढ़त से 24,636 पर बंद
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित आधारित मानक सूचकांक निफ्टी पूरे दिन सीमित दायरे में कारोबार करता रहा और अंत में 11.35 अंक यानी 0.05 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 24,636 पर बंद हुआ। हालांकि पिछले तीन दिनों के विपरीत आज सूचकांक में अंतिम पांच मिनट के भीतर अप्रत्याशित उछाल देखने को नहीं मिली। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 15 के स्टॉक मजबूत रहे तो 34 में कमजोरी दिखी।
रिलायंस इंडस्ट्रीज में सबसे अधिक 3.43 प्रतिशत की तेजी
सेंसेक्स समूह में शामिल शेयरों में रिलायंस इंडस्ट्रीज में सबसे अधिक 3.43 प्रतिशत की तेजी रही। इसके अलावा, भारतीय स्टेट बैंक, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, आईसीआईसीआई बैंक, इटर्नल और टाइटन भी बढ़त दर्ज करने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल रहे। इसके विपरीत नुकसान में रहने वाले शेयरों में पावर ग्रिड में सर्वाधिक 3.99 प्रतिशत की गिरावट रही। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इंटरग्लोब एविएशन और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर भी प्रमुख रूप से नुकसान में रहे।
एफआईआई ने 943.42 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 943.42 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। वैश्विक कच्चा तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.09 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 79.52 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
