मायावती का नितिन गडकरी पर तंज – अमेरिका जैसी सड़कों का सपना दिखा रहे, लेकिन 50 किमी सड़क में 982 गड्ढे

लखनऊ, 12 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री व बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने पिछले कई दिनों की मूसलाधार बारिश के बाद क्षतिग्रस्त हुईं राज्य की सड़कों को लेकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी पर तंज कसा है।

दरअसल, अत्यधिक बारिश के चलते राज्य में कई हाईवे पर गड्‌ढे उभर आए हैं। मायावती ने कहा कि यूपी में एक्सप्रेस वे के लगातार कई जगह धंसने और दरकने की खबरें आ रही हैं। लखनऊ और उन्नाव के बीच 50 किलोमीटर सड़क पर 982 गड्‌ढे होने की चर्चा है।

मायावती ने ट्वीट कर कहा कि बदहाल सड़कों से जनजीवन त्रस्त है और जानलेवा दुर्घटनाएं हर जगह हो रही हैं। इसके बाद भी केंद्र और राज्य सरकारों की तरफ से यूपी में अमेरिका जैसी सड़क बनाने जैसा हसीन सपना दिखाया जा रहा है। जनता देख रही है।

मायावती ने लिखा, ‘जबकि यहां यूपी में दूसरी बार भाजपा की सरकार बनने के बाद से भी प्रदेश को गड्ढा-मुक्त करने के वादे व दावे हर मंत्री व नेताओं द्वारा लगभग हर रोज ही किए जाते हैं, लेकिन इनके अन्य दावों की तरह ही सूबे को गड्ढा-मुक्त नहीं बना पाना लोगों को अब काफी विचलित कर रहा है।’

बसपा प्रमुख ने लिखा, ‘किन्तु इसके बावजूद भी इनके जले पर नमक छिड़कने के लिए केंद्र व राज्य में दोनों सरकारें यूपी में अमेरिका जैसी सड़क बनाने जैसा हसीन सपना दिखाने में नहीं हिचक रही हैं। साथ ही, गरीबी, महंगाई, बेरोजगारी व पिछड़ेपन आदि से त्रस्त व विकास की भूखी जनता चुप है कि आगे क्या होगा?’

मायावती का यह तंज केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी पर था। बीते दिनों लखनऊ में आयोजित इंडियन रोड कांग्रेस के 81वें अधिवेशन में गडकरी ने कहा था कि उत्तर प्रदेश की सड़कों को 2024 से पहले अमेरिका से भी बेहतर बनाना है। इसके लिए मोदी सरकार आने वाले दिनों में यूपी के लिए पांच लाख करोड़ रुपये स्वीकृत करने जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular