पुरी रथ यात्रा में उमड़ी भारी भीड़, डीजीपी की सलाह- बुजुर्ग और छोटे बच्चों को फिलहाल न लाएं; 103 झपटमार गिरफ्तार
भुवनेश्वर, 18 जुलाई। ओडिशा के पुरी में चल रही भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के दौरान उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) वाईबी खुरानिया ने श्रद्धालुओं के लिए अहम एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने बुजुर्गों, अस्वस्थ लोगों और 2 साल से कम उम्र के बच्चों को फिलहाल पुरी न लाने की सलाह दी है, ताकि उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल असर न पड़े।
डीजीपी बोले- बड़ा दांडा श्रद्धालुओं से खचाखच भरा
मीडिया से बातचीत में डीजीपी वाईबी खुरानिया ने कहा कि बड़ा दांडा (ग्रैंड रोड) और पूरा पुरी शहर लाखों श्रद्धालुओं से भरा हुआ है। विभिन्न राज्यों से लगातार श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और पूरे शहर में उत्सव का माहौल है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे यात्रा से पहले प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी एडवाइजरी जरूर देखें और सभी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
2 साल से कम उम्र के बच्चों को साथ न लाने की सलाह
डीजीपी ने विशेष रूप से कहा कि भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालु 2 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को साथ न लाएं। साथ ही बुजुर्गों और बीमार लोगों से भी फिलहाल यात्रा टालने का अनुरोध किया गया है।
एंटी-स्नैचिंग अभियान में 103 झपटमार गिरफ्तार
रथ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुरी पुलिस ने विशेष एंटी-स्नैचिंग अभियान चलाया। इस अभियान में अब तक 103 झपटमारों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से श्रद्धालुओं के चोरी हुए 203 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
भीड़भाड़ वाले इलाकों में 24 घंटे निगरानी
पुरी पुलिस के अनुसार बड़ा दांडा, श्री जगन्नाथ मंदिर परिसर, समुद्र तट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, पार्किंग और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष पुलिस टीमें चौबीसों घंटे तैनात हैं। सीसीटीवी कैमरों, आधुनिक तकनीक और खुफिया तंत्र की मदद से संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
श्रद्धालुओं के लिए पुलिस की अपील
पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अपने मोबाइल फोन, पर्स, सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान की विशेष सुरक्षा करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
